- Hindi News
- Local
- Punjab
- Jalandhar
- Where There Is True Surrender, God Himself Comes There...
साईं दास स्कूल ग्राउंड में दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा करवाई जा रही ‘श्री राम कथामृत’ के पांचवें दिन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा में भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
कथा व्यास साध्वी श्रेया भारती ने जैसे ही चित्रकूट की पावन भूमि पर भक्ति के रंग, माता शबरी की वर्षों की प्रतीक्षा और प्रकृति के प्रति मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के संवेदनशील भावों का वर्णन शुरू किया पूरा पंडाल भावविभोर हो उठा।
साध्वी बहनों द्वारा प्रस्तुत सुमधुर और भावपूर्ण भजनों ने भी श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। साध्वी जी ने चित्रकूट प्रसंग और माता शबरी की कथा का उल्लेख करते हुए कहा कि शबरी ने वर्षों तक प्रभु के आगमन की आस में अपने भीतर की संकीर्णताओं को मिटाया।
निश्छल प्रेम व धैर्य के साथ प्रतीक्षा की। जब श्री राम उनकी कुटिया में पधारे तो जाति या कुल का विचार नहीं किया, बल्कि शबरी के हृदय की निर्मलता और भाव को स्वीकार किया। शबरी प्रसंग यह गहरा संदेश देता है कि जहां दिखावा नहीं, बल्कि सच्चा प्रेम, विनम्रता और समर्पण होता है, वहां परमात्मा स्वयं चलकर आते हैं।
वर्तमान समय की गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए साध्वी जी ने बताया कि श्री राम का संपूर्ण जीवन चरित्र प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सम्मान का संदेश देता है।
वनवास काल के बीच श्री राम ने वनों, नदियों, पर्वतों और वन्यजीवों के साथ गहरा सामंजस्य स्थापित करते हुए यह दर्शाया कि प्रकृति केवल उपभोग की वस्तु नहीं है, बल्कि संपूर्ण सृष्टि और जीवन का आधार है। उन्होंने आह्वान किया कि यदि आज का मानव श्री राम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर जल, जंगल और पर्यावरण के संरक्षण व सम्मान का संकल्प ले तो धरती को प्रदूषण और पर्यावरणीय असंतुलन से बचाया जा सकता है।
कथा के समापन पर आरती के साथ वातावरण ‘जय श्री राम’ के जयघोष से गूंज उठा। स्वामी सज्जनानंद ने समस्त जालंधर वासियों से अपील की कि 28 नवंबर को दिव्य दीपोत्सव प्रभु के अयोध्या आगमन पर साईं दास स्कूल ग्राउंड में मनाया जाएगा। सभी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पावन ज्ञानयज्ञ का फायदा उठाएं।
इस अवसर पर स्वामी सदानंद, स्वामी परमानंद, स्वामी गिरधरानंद, स्वामी सज्जनानंद, जालंधर शाखा मुख्य साध्वी पल्लवी भारती, साध्वी त्रिनैना भारती, गौतम कुकरेजा, सोनू कुकरेजा, गौरव कुकरेजा, प्रीति कुकरेजा आदि उपस्थित थे।







