- Hindi News
- Local
- Punjab
- Ludhiana
- Jagraon
- Jagraon Theft Case | MP Amrinder Singh Raja Warring Gunman House Robbed
जगराओं के ग्राम गगड़ा में पंजाब पुलिस के मुलाजिम और कांग्रेस के पूर्व राज्य प्रधान एवं लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के गनमैन के रूप में तैनात वरिंदर सिंह के घर हुई लाखों रुपए की चोरी के प्रकरण में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है।
पुलिस ने यह मुकदमा वरिंदर सिंह की मां सुखविंदर कौर के बयानों के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ दर्ज किया है। हालांकि, पुलिस का दावा है कि जांच के बीच कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को हिरासत में ले लिया जाएगा।
श्री कीरतपुर साहिब गए थे परिजन, ताला तोड़कर उड़ाया माल
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले वरिंदर सिंह का परिवार श्री कीरतपुर साहिब में माथा टेकने गया हुआ था। घर पर ताला लगा देख चोरों ने इसे निशाना बना लिया। चोरों ने घर के दरवाजे का कुंडा उखाड़ दिया और अंदर दाखिल होकर कमरों के ताले तोड़ दिए। वारदात का पता अगले दिन सुबह उस समय चला, जब परिवार का एक सदस्य घर से गाड़ी निकालने पहुंचा। घर का ताला टूटा देखकर उसने तुरंत परिवार को सूचना दी।
CCTV की तारें काटीं, DVR भी ले गए चोर; कानून व्यवस्था पर प्रश्न
परिवार के वापस लौटने पर घर के प्रमुख गेट से लेकर अंदर के कमरों तक के ताले टूटे हुए मिले और सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर से तीन गैस सिलेंडर, दो LED, इन्वर्टर-बैटरी, सोने की चेन, कानों की बालियां, अंगूठियां और लगभग डेढ लाख रुपए की नकदी चोरी कर ले गए।
चोरों ने वारदात के बीच CCTV कैमरों की तारें भी काट दीं और DVR तक अपने साथ ले गए, ताकि पुलिस को घर के अंदर की फुटेज से कोई सुराग न मिल सके। पीड़ित परिवार ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार में जब पुलिस कर्मियों के घर सुरक्षित नहीं हैं, तो आम लोग कैसे सुरक्षित रहेंगे।







