संगरूर में नेशनल हाईवे पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के ATM को निशाना बनाकर चार नकाबपोश लुटेरे 5 लाख 54 हजार 400 रुपए की नकदी चोरी कर फरार हो गए।

वारदात रविवार तड़के लगभग 3:30 से 4 बजे के बीच की है। आरोपी कार में सवार होकर आए थे। उन्होंने ATM रूम के बाहर लगे शटर के ताले तोड़े और अंदर घुसकर दोनों मशीनों में तोड़फोड़ कर नकदी निकाल ली।

बैंक मैनेजर अमृतपाल गोयल ने बताया कि आरोपियों ने ATM रूम में घुसने के पश्चात दोनों मशीनों को निशाना बनाया। एक मशीन से 5 लाख 12 हजार 500 रुपए और दूसरी मशीन से 41 हजार 900 रुपए निकाल लिए। इसके पश्चात चारों अभियुक्त कार में बैठकर मौके से फरार हो गए।

विज्ञापनIn-Article Banner

पहचान छिपाने हेतु CCTV कैमरों पर किया स्प्रे

वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने की भी कोशिश की। कहा जा रहा है कि ATM रूम में प्रवेश करते ही उन्होंने वहां लगे CCTV कैमरों पर स्प्रे कर दिया, ताकि उनकी गतिविधियां कैमरों में रिकॉर्ड न हो सकें।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया केस

थाना भवानीगढ़ के SHO इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह समराओ ने कहा कि घटना रविवार तड़के की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है ।

घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की कार और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर