पंजाब रोडवेज पनबस/पीआरटीसी कांट्रेक्ट वर्कर्स यूनियन पंजाब 25/11 ने 10 नवंबर को राज्य के विभिन्न डिपो के गेटों पर रैलियां कर पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। यूनियन ने मांगें पूरी नहीं होने पर 16 नवंबर से हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी।

पट्टी डिपो में आयोजित रैली के बीच डिपो उपप्रधान सतनाम सिंह जोणेके ने बताया कि कर्मियों की सरकार के साथ 65 से 70 बैठकें हो चुकी हैं, मगर हर बार आश्वासन मिलने के बाद भी मांगों का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि पनबस में 12 वर्ष से कांट्रेक्ट पर काम कर रहे कर्मियों को नियमित करने में देरी की जा रही है।

उन्होंने इल्जाम लगाया कि मुख्यमंत्री की ओर से कच्चे कर्मचारियों को ऑफर लेटर देने के बाद भी किसी को भी कांट्रेक्ट पर भर्ती नहीं किया गया। 14 अगस्त 2026 के एक्ट नंबर 10 के तहत आउटसोर्स कर्मियों को विभाग के अधीन कांट्रेक्ट पर रखने की प्रक्रिया भी लंबित है। परिवहन मंत्री के निर्देशों के बाद भी संबंधित अफसर फाइलें पर्सनल विभाग को नहीं भेज रहे।

विज्ञापनIn-Article Banner

यूनियन नेता वजीर सिंह ने कहा कि परिवहन, पर्सनल और वित्त महकमा की मंजूरी के पश्चात तैयार किए गए सर्विस रूल कैबिनेट में पास नहीं किए जा रहे। 29 अक्टूबर की मीटिंग में दो दिन के भीतर मांगों के समाधान और 31 अक्टूबर की कैबिनेट बैठक में नियमों को मंजूरी देने का भरोसा दिया गया था, लेकिन इस पर कार्रवाई नहीं हुई।

16 नवंबर से हड़ताल का ऐलान

यूनियन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो 16 नवंबर से हड़ताल की जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री के आवास का घेराव भी किया जाएगा।

ये रहे मौजूद

इस घटनास्थल पर लव दासूवाल, मनजीत सिंह, लवप्रीत सिंह, बलजिंदर सिंह, जसविंदर सिंह, रविंदर सिंह फौजी, सुखप्रीत सिंह, गगनदीप सिंह, सुखवंत सिंह, लखविंदर सिंह, मनिंदर सिंह मिंदा, सुखप्रीत सुखा मैकेनिक बरगाड़ी सहित भारी संख्या में यूनियन नेता और कर्मचारी उपस्थित थे।

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर