- Hindi News
- Local
- Punjab
- Ludhiana
- Patiala NH 7 Bridge Collapse Inquiry | DC Himanshu Jain Orders Probe
स्थानीय लोगों का दावा यहीं से टूटा पुल। ज्वाइंट पर जंग लगने के कारण टूटा हुआ गार्डर
पटियाला में NH-7 पर स्टील पुल टूटने के कारणों की पड़ताल हेतु एक्सपर्ट इंक्वायरी होगी। प्रदेश सरकार विशेषज्ञों की टीम बनाकर इस पूरे प्रकरण की पड़ताल करेगी।
डिप्टी कमिश्नर पटियाला हिमांशु जैन ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) और वाटर रिसोर्स डिपार्टमेंट को सख्त हिदायतें दी हैं कि टूटे हुए ब्रिज का पूरा रिकार्ड सेफ रखें।
जब एक्सपर्ट कमेटी छानबीन करेगी तो उन्हें पूरा रिकार्ड देना होगा। वहीं, डीसी ने रिजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (RTA) को हिदायतें जारी की हैं कि पूरे जिले में ओवरलोड व्हीकल की छानबीन करें और कार्रवाई रिपोर्ट रोजाना उनको भेजें।
दूसरी ओर, पुल टूटने से भाखड़ा नहर का किनारा टूटने का खतरा भी बढ़ गया है। पुल के जिस हिस्से में ट्रक धंसे हैं, वो हिस्सा धीरे-धीरे जमीन में धंस रहा है, जिससे नहर का किनारा टूटने की आशंका पैदा हो गई है।
खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने घटनास्थल पर मिट्टी व रेत की बोरियां भरवा दी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर नहर का किनारा टूटा तो तीन से चार गांवों में पानी भर जाएगा।
डीसी ने जारी किए ये महत्वपूर्ण आदेश, जानिए....
- सुरक्षा और एडवाइजरी: डीसी पटियाला ने अलग-अलग विभागों को सख्त हिदायतें जारी की हैं। SSP पटियाला घटनास्थल की बैरिकेडिंग करेंगे ताकि कोई भी उस तरफ न जाए। वहीं, DPRO पटियाला रास्ता बंद होने और डायवर्जन रास्तों को लेकर पब्लिक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करेंगे।
- ट्रैफिक डायवर्जन: SDM पटियाला, DSP (ट्रैफिक) के साथ मिलकर समस्त पॉइंट्स पर ट्रैफिक डायवर्ट करेंगे। इन पॉइंट्स पर NHAI की ओर से साइनेज और लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि पटियाला नगर के साथ साथ हाइवे से निकलने वालों को भी ट्रैफिक जाम की परेशानी से न जूझना पड़े।
- ओवरलोड वाहनों पर शिकंजा: RTA पटियाला NH-7 और डायवर्जन रूट्स पर ओवरलोडेड वाहनों की स्पेशल चेकिंग करेंगे और रोजाना डीसी को रिपोर्ट भेजेंगे। डीसी ने साफ कहा है कि जिले में ओवरलोड वाहन नहीं चलने चाहिए इससे राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान होने के साथ साथ आम लोगों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।
- मलबा हटाकर नहर को सेफ करना: डीसी ने वाटर रिसोर्स डिपार्टमेंट को हिदायतें जारी की हैं कि एनएचएआई से पुल का मलबा जल्दी से जल्दी हटवाया जाए ताकि नहर के किनारे को कोई नुकसान न हो। डीसी ने आपात स्थिति से निपटने हेतु मिट्टी व रेत की बोरियां भरने को भी बताया है।
- रिकार्ड सुरक्षित रखना होगा: डिप्टी किमश्नर ने NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर और वाटर रिसोर्स डिपार्टमेंट को हिदायतें दी हैं कि पुल से संबंधित पूरे रिकार्ड को सेफ रखा जाए। प्रदेश सरकार की तरफ से एक्सपर्ट पड़ताल के लिए यह रिकार्ड मांगा जाएगा। पुल बनने से लेकर अब तक का पूरा रिकार्ड होना चाहिए।
पुल टूटने के पश्चात धंस रहा है जिससे किनारा कमजोर होता जा रहा है। किनारे पर लगाने हेतु भरी रेत की बोरियां
स्थानीय लोग बोले- पुल के ज्वाइंट जंग से कमजोर हुए
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल काफी वक्त से हिल रहा था। पुल के ज्वाइंट जंग लगने की वजह से कमजोर हो चुके थे और सबसे पहले उसी जगह से टूटा है। टूटने के पश्चात भी साफ दिख रहा है कि जिस गार्डर के जंक्शन प्वाइंट पर नट-बोल्ट लगे हैं, वहां काफी जंग लगी हुई थी। पुल पर ओवरलोड ट्रक चलने से जैसे ही दबाव बढ़ा, पुल बिखर गया।
दूसरे पुल पर भी खतरा मंडराया
टूटा हुआ पुल जैसे-जैसे नीचे धंस रहा है, वैसे-वैसे उसके गार्डर दूसरे पुल की तरफ भी झुक रहे हैं। पुल के भारी-भरकम वजन से दूसरी साइड के पुल पर भी दबाव बढ़ रहा है, जिससे उस पर भी खतरा मंडराने लगा है। हालांकि, एनएचएआई ने टूटे हुए पुल को डिस्मेंटल करना प्रारंभ कर दिया है।
खबर अभी बाकी है!
- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट
खबर अभी बाकी है!
- मनचाहे अलर्ट
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट







