- Hindi News
- Local
- Punjab
- Ludhiana
- Auckland Car Accident | Punjabi Youth Deaths At Burgerfuel Restaurant
न्यूजीलैंड के ऑकलैंड स्थित टकानिनी क्षेत्र में दिवाली की रात एक सड़क हादसे में तीन पंजाबी मूल के युवाओं की जान चली गई। ग्रेट साउथ रोड पर बेहद तेज गति से जा रही एक कार बेकाबू होकर सड़क किनारे बने 'बर्गरफ्यूल' रेस्टोरेंट में जा घुसी।
हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। न्यूजीलैंड की सेंट्रल सिख एसोसिएशन और 'सुप्रीम सिख सोसाइटी' के अध्यक्ष दलजीत सिंह ने इस घटना पर गहरा शोक जताते हुए पुष्टि की है।
दलजीत सिंह ने बताया कि मारे गए तीनों युवा पंजाबी भारतीय मूल के थे, जिनमें दो लड़के और एक लड़की शामिल हैं। उन्होंने बताया कि दिवाली की रात हुई इस त्रासदी ने पूरे पंजाबी समुदाय को गहरे शोक में डाल दिया है।
पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को रविवार रात करीब 10.15 बजे हादसे की जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंची मेडिकल टीम ने कार सवार तीनों युवाओं को मृत घोषित कर दिया।
गनीमत यह रही कि हादसा जिस समय हुआ, रेस्टोरेंट ग्राहकों हेतु बंद हो चुका था। हालांकि अंदर कर्मचारी मौजूद थे, लेकिन इमारत के अंदर किसी को कोई चोट नहीं आई।
दलजीत सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि सिख संस्थाएं पीड़ित परिवारों के लगातार संपर्क में हैं। परिवारों की अंतिम इच्छा के मुताबिक तीनों युवाओं के पार्थिव शरीर भारत (पंजाब) भेजे जाएंगे।
औपचारिक पहचान और पुलिस पड़ताल प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की जानकारी और समुदाय से सहायता जुटाने का काम किया जाएगा। फिलहाल न्यूजीलैंड पुलिस की 'सीरियस क्रैश यूनिट' दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऐसे हुआ कार एक्सीडेंट, जानिए...
रोंग साइड से आ रही थी तेज रफ्तार कार: हादसे के वक्त घटनास्थल पर उपस्थित एक महिला ड्राइवर ने बताया कि रात लगभग 10 बजे वह गराज और 'नाइट एंड डे' स्टोर से निकलकर माहिया रोड की तरफ जाने हेतु अपनी कार मोड़ रही थी। तभी एक कार सड़क की रॉन्ग साइड से बेहद तेज रफ्तार से आई।
50 की स्पीड लिमिट में 100 से ऊपर थी रफ्तार: महिला के अनुसार, जिस क्षेत्र में गाड़ी की स्पीड लिमिट 50 किमी/घंटा थी, वहां वह कार 100 किमी/घंटा से भी अधिक की रफ्तार से दौड़ रही थी। कार ने महिला की गाड़ी के आगे चल रही एक अन्य कार को कट मारा और टकराने से बाल-बाल बची।
पोता साथ था, सोचकर कांप उठती हूं: महिला ने कहा कि अगर उस चालक ने तुरंत गाड़ी न मोड़ी होती, तो सीधी टक्कर होती। मेरी कार में मेरा पोता भी था। मैं सोचकर कांप उठती हूं कि अगर मैं कुछ सेकंड बाद निकलती तो मेरी गाड़ी भी इसकी चपेट में आ जाती।
फुटपाथ पर चढ़कर रेस्टोरेंट की दीवार से टकराई: इस खतरनाक ड्राइविंग के कुछ ही मिनटों बाद वही कार साउथगेट के ओक जंक्शन दुकानों के पास वाल्टर्स रोड गोलचक्कर पर अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार कार फुटपाथ पर चढ़ी, करीब 20 मीटर तक घास के मैदान को रौंदते हुए फेंसिंग को तोड़कर सीधे बर्गरफ्यूल रेस्टोरेंट की दीवार से जा टकराई।
स्ट्रीट रेसर्स का अड्डा बना क्षेत्र: स्थानीय दुकानदारों और कर्मचारियों ने बताया कि यह इलाका स्ट्रीट रेसर्स और ओवरस्पीडिंग हेतु बदनाम हो चुका है। एक पड़ोसी कर्मी ने बताया कि यह पहली बार नहीं है। पिछले वर्ष भी इसी गोलचक्कर पर एक कार बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गई थी। लोग यहाँ पार्किंग और सड़कों पर रेसिंग करते हैं, यह एक बुरे सपने जैसा है।
प्रकरण से जुड़ी 5 प्रमुख बातें:
1. दिवाली की रात घटी त्रासदी: यह भीषण दुर्घटना रविवार रात लगभग 10.15 बजे हुई, जब पूरा समुदाय दिवाली का त्योहार मना रहा था। हादसे में मारे गए तीनों युवा पंजाबी मूल के थे।
2. रॉन्ग साइड ओवर स्पीड: प्रत्यक्षदर्शी डिलीवरी ड्राइवर के मुताबिक, कार हादसे से ठीक पहले गलत लेन में 100 किमी/घंटा से ज्यादा की रफ्तार से फर्राटा भर रही थी और दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले अन्य गाड़ियों से टकराने से बची थी।
3. मुलाजिम बाल-बाल बचे: कार फुटपाथ और बाड़ को तोड़ते हुए रेस्टोरेंट की दीवार में जा घुसी। रेस्टोरेंट बंद होने की वजह से अंदर मौजूद स्टाफ सुरक्षित बच गया, किंतु इमारत और वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है।
4. भारत भेजे जाएंगे तीनों के पार्थिव शरीर: सुप्रीम सिख सोसाइटी के अध्यक्ष दलजीत सिंह ने बताया कि परिजनों की इच्छानुसार तीनों युवाओं के शवों को भारत भेजा जाएगा। सिख समुदाय परिवारों की हर संभव मदद कर रहा है।
5.सीरियस क्रैश यूनिट कर रही पड़ताल: न्यूजीलैंड पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हादसे से पहले कार चोरी की नहीं थी और न ही पुलिस उनका पीछा कर रही थी। फिलहाल औपचारिक पहचान और हादसे की परिस्थितियों की गहराई से जांच जारी है।







