शहर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल के निर्देश पर मॉल रोड की ठंडी खुई स्थित निगम की करोड़ों रुपए की जमीन की सीमा तय करने हेतु वीरवार को निशानदेही की तैयारी की गई। इसके लिए निगम समेत 4 विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट उपलब्ध नहीं होने से पैमाइश आरंभ नहीं हो सकी। इस दौरान एक व्यक्ति मौके पर आया और जमीन के कुछ हिस्से पर अपना मालिकाना हक जताया, जिस पर निगम ने उससे दस्तावेज मांगे।

सुबह 12 बजे निगम की टीम मौके पर पहुंची और कुछ देर बाद पंजाब वक्फ बोर्ड की टीम भी आ गई। बाद में बिजली बोर्ड के अफसरों के साथ रेवेन्यू विभाग का कानूनगो भी पहुंचा। हालांकि पुलिस बल मौजूद नहीं था।

निगम अफसरों ने बताया कि विवाद या झगड़े की आशंका के चलते पुलिस के बिना निशानदेही करना ठीक नहीं है। वहीं कानूनगो ने कहा कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट की तैनाती हेतु लिखित मांग आवश्यक है, जिसके आधार पर ही पुलिस व मजिस्ट्रेट की व्यवस्था हो सकती है।

विज्ञापनIn-Article Banner

इसी बीच एक व्यक्ति ने निगम अफसरों के सामने दावा किया कि ठंडी खुई की जमीन का कुछ हिस्सा उसका है। उसने बताया कि वह पहले भी कई बार आया था, पर निगम की टीम नहीं मिली और घटनास्थल पर चस्पा नोटिस देखकर अपना पक्ष रखने पहुंचा है।

निगम अधिकारियों ने उससे जमीन के मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेज मांगे और कहा कि दस्तावेजों से दावा सही साबित हुआ तो उस हिस्से पर कार्रवाई नहीं होगी, जबकि बाकी जमीन पर नियमानुसार कार्रवाई आगे बढ़ेगी। निगम सेक्रेटरी कम-एस्टेट अफसर सुशांत भाटिया की मौजूदगी में घटनास्थल पर लिखित पत्र तैयार किया गया।

इसमें लिखा गया कि 26 नवंबर को शहर निगम, रेवेन्यू महकमा, पंजाब वक्फ बोर्ड और बिजली बोर्ड के अफसर अर्बन सर्किल-110, मॉल रोड, ठंडी खुई स्थित खसरा नंबर 1193, 1194, 1195, 1196, 1197, 1198 और 1199 की निशानदेही हेतु पहुंचे थे, लेकिन पुलिस व ड्यूटी मजिस्ट्रेट न मिलने से कार्रवाई नहीं हो सकी।

पत्र में झगड़े की आशंका जताते हुए अगली कार्रवाई हेतु पुलिस सहायता और ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करने की मांग की गई। यह पत्र कानूनगो को दिया गया और अब पुलिस सुरक्षा व ड्यूटी मजिस्ट्रेट की व्यवस्था होने के पश्चात ही निशानदेही आगे बढ़ेगी।

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर