- Hindi News
- Local
- Punjab
- Ludhiana
- Hearing Will Be Held On These 5 Major Objections
नगर निगम लुधियाना में टेंडर प्रक्रिया और नियमों की अनदेखी को लेकर दायर की गई याचिका पर अब पंजाब तथा हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के पश्चात लोकल बॉडी महकमा ने सख्त रुख अपना लिया है। इस मामले में एफएंडसीसी सदस्य और वार्ड नंबर 26 के पार्षद गौरव भट्टी को डायरेक्टोरेट ऑफ लोकल गवर्नमेंट पंजाब (चंडीगढ़) की ओर से तलब किया गया है।
डायरेक्टर की ओर से जारी पत्र के अनुसार पार्षद गौरव भट्टी द्वारा दायर सिविल रिट पटीशन पर हाईकोर्ट के 12 नवंबर 2026 के आदेशों की पालना करते हुए यह कार्रवाई की जा रही है। पहले यह निजी सुनवाई (पर्सनल हियरिंग) 26 नवंबर को दोपहर 3 बजे तय की गई थी, लेकिन अब प्रशासनिक कारणों से इसे 27 नवंबर (शुक्रवार) सुबह 10 बजे डायरेक्टर के चंडीगढ़ (सेक्टर-35 ए स्थित पंजाब म्युनिसिपल भवन) कार्यालय में निर्धारित किया गया है।
निगम कमिश्नर दमनजीत सिंह मान ने समस्त संबंधित विभागों को इस बाबत आदेश जारी कर दिए हैं। {1,200 करोड़ का सॉलिड वेस्ट टेंडर- 17 सितंबर को भेजी गई पहली शिकायत मुताबिक पार्षद गौरव भट्टी ने बताया, यह अनावश्यक बोझ है। ट्रांसपोर्टेशन और प्रोसेसिंग का काम पहले से ही अलग-अलग ठेकेदारों के पास है, ऐसे में नवीन टेंडर से काम का दोहराव होगा और घर-घर से कूड़ा उठाने वाले लगभग 15,000 गरीब व दलित परिवार बेरोजगार हो जाएंगे।
81.54 करोड़ की मैकेनिकल स्वीपिंग- 7 अक्टूबर की शिकायत में 6 अक्टूबर की एफएंडसीसी मीटिंग में मद नंबर 11 के रद्द प्रस्ताव को अगले ही दिन जबरदस्ती पास करने की कोशिश करने का इल्जाम है। बिना बजट प्रावधान के 697 किमी सड़कों की सफाई, धुलाई का टेंडर लाया गया, जबकि थापर यूनिवर्सिटी की तकनीकी रिपोर्ट में सड़कों को पानी से बार-बार धोने से नुकसान होने की चेतावनी दी गई। {कार्यवाही (मिनट्स) हेरफेर- 5, 14 और 21 सितंबर की एफएंडसीसी बैठकों में दिए गए वित्तीय ऐतराज को आधिकारिक रिकॉर्ड में नहीं लाया गया।
मात्र प्रवान है लिखकर प्रस्ताव पास दिखा दिए गए, जो पीएमसी एक्ट का उल्लंघन है। {जनरल हाउस की मीटिंग का रिकॉर्ड छिपाया- 21 अक्टूबर की शिकायत में 10 अक्टूबर को गुरु नानक भवन में हुई जनरल हाउस की मीटिंग की वैधता पर सवाल उठाए गए। आरोप है कि एफएंडसीसी की मंजूरी के बिना और कोरम/बहुमत की पुष्टि किए बिना विवादित प्रस्ताव पास हुए।
विरोध करने वाले पार्षदों को पुलिस ने बाहर निकाला, रिकॉर्ड मांगने पर भी नहीं दिया गया। {वर्क ऑर्डर पर रोक और दोहरे भुगतान की जांच- 23 अक्टूबर की शिकायत में दोनों मेगा टेंडरों के रेट व एस्टीमेट में अंतर, पुराने ठेकेदारों (प्यारा सिंह एंड संस व ग्रीनटेक) के साथ काम के दोहराव और अफसरों की बैठक के बहिष्कार की पड़ताल की मांग की।
साथ ही जांच पूरी होने तक वर्क ऑर्डर जारी करने पर रोक लगाने की मांग भी की गई है। निगम अधिकारियों की बढ़ेंगी मुश्किलें- महकमा ने पार्षद गौरव भट्टी को याचिका में दर्ज प्रतिवेदनों (P-5 से P-8) और 20 नवंबर को दी गई नई शिकायत के समर्थन में समस्त पुख्ता दस्तावेजों के साथ पेश होने को कहा है।
वहीं, इस पत्र की एक प्रति जरूरी कार्रवाई हेतु शहर निगम लुधियाना के कमिश्नर को भी भेजी गई है। मीटिंग में टेंडर प्रक्रिया में हुई वित्तीय व प्रशासनिक अनियमितताओं पर निगम के वरिष्ठ अफसरों से भी जवाब-तलबी की जाएगी। अब सबकी निगाहें चंडीगढ़ में होने वाली इस आमने-सामने की सुनवाई पर टिकी हैं।







