मोगा। मोगा-कोटकपूरा बाईपास स्थित रेलवे ओवरब्रिज के नीचे बुधवार देर रात लगभग 10 बजे ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर रेलवे पुलिस और समाज सेवा सोसायटी (रजि.) मोगा के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ट्रेन की टक्कर इतनी जोरदार थी कि व्यक्ति का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटनास्थल पर पहुंचे सोसायटी के सदस्यों ने शव के क्षत-विक्षत हिस्सों को एकत्र किया और पुलिस की कार्रवाई में सहयोग किया। 72 घंटे तक मोर्चरी में रखा जाएगा शव मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। उसकी पहचान सुनिश्चित करने हेतु शव को स्थानीय सिविल अस्पताल की मोर्चरी में 72 घंटे हेतु रखवाया गया है। रेलवे पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है। पुलिस मृतक की पहचान करने के प्रयासों के साथ हादसे के कारणों का पता लगा रही है। प्रकरण में नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।