लुधियाना के सराभा नगर थाना के अंतर्गत आते बाड़ेवाल इलाके में एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यहां एक सिरफिरे पति ने अपनी पत्नी के मायके जाकर न सिर्फ जमकर हंगामा किया बल्कि घर का गेट तोड़कर पत्नी के पैरों पर दो फायर कर दिए। पीड़िता ने बड़ी मुश्किल से साइड में होकर अपनी जान बचाई।

मारपीट से परेशान होकर मायके आई थी पत्नी

शिकायतकर्ता संदीप सिंह निवासी आदर्श कॉलोनी बाड़ेवाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी दिव्यांशी की शादी बलकरन सिंह बाजवा निवासी ग्राम जैनपुर, लुधियाना के साथ हुई थी। शादी के पश्चात से ही आरोपी उनकी बेटी के साथ प्रायः मारपीट करता था। 8 नवंबर को आरोपी ने दिव्यांशी को फिर से बुरी तरह पीटा जिसके बाद वह परेशान होकर अपने घर (मायके) आ गई।

विज्ञापनIn-Article Banner

रात 11 बजे स्कॉर्पियो में आया आरोपी, किया जानलेवा हमला

संदीप सिंह के अनुसार उसी रात (8 नवंबर) करीब 11:00 बजे उनका दामाद बलकरन सिंह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी (नंबर PB-05-AC-7882) में अपने कुछ साथियों के साथ उनके घर पहुंचा। आते ही उसने घर का गेट तोड़ दिया और दिव्यांशी को जबरन अपने साथ ले जाने की जिद करने लगा। जब उसे रोका गया तो उसने दिव्यांशी के पैरों की तरफ 2 गोलियां चला दीं। दिव्यांशी ने किसी तरह वहां से हटकर अपनी जान बचाई। इसके पश्चात आरोपी अपने साथियों समेत जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गया।

गंभीर धाराओं में केस दर्ज,पुलिस कर रही तलाश

थाना सराभा नगर पुलिस ने संदीप सिंह की शिकायत के आधार पर 9 नवंबर को एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले के पड़ताल अफसर एएसआई (ASI) जगदीप सिंह ने कहा कि अभियुक्त बलकरन सिंह बाजवा के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 109, 333, 324(4), 351(3) और आर्म्स एक्ट (25-54-59) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अभियुक्त और उसके साथियों की गिरफ्तारी हेतु छापेमारी कर रही है।

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर