- Hindi News
- Local
- Punjab
- Ludhiana
- Ludhiana Journalist Firing Case | Masked Attacker Targets Couple Near PAU
लुधियाना में देर रात महिला पत्रकार और उनके पति पर फायरिंग का सनसनीखेज प्रकरण सामने आया है। साउथ सिटी में पीएयू गेट नंबर-8 के बाहर सफेद एक्टिवा सवार एक नकाबपोश बदमाश ने उनकी कार के आगे एक्टिवा लगाकर रास्ता रोक लिया।
इसके बाद दंपती को धमकी दी और कार पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जान बचाने के लिए पति ने कार भगा दी, लेकिन बदमाश ने पीछा नहीं छोड़ा। वह मल्हार रोड तक कार का पीछा करता रहा और मार्ग में दोबारा फायरिंग की। गनीमत रही कि इस घटना में दंपती को कोई चोट नहीं आई।
निजी चैनल चलाने वाली महिला पत्रकार नवनीत कौर ने कहा कि वह अपने पति गगनदीप के साथ दिवाली की खरीदारी करने और खाना खाने के पश्चात घर लौट रही थीं। रात करीब 12 बजे जब वे पीएयू गेट नंबर-8 के बाहर पहुंचे तो सफेद रंग की एक्टिवा पर सवार एक व्यक्ति ने उनकी कार के आगे एक्टिवा लगा दी।
व्यक्ति ने चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था। उनके पति गगनदीप ने उससे रास्ता रोकने का कारण पूछा तो उसने धमकी देते हुए बताया कि रुको, अभी तुम लोगों की बदमाशी निकालता हूं।
नवनीत के अनुसार, इसके पश्चात वह व्यक्ति ड्राइवर सीट के बाहर से होते हुए कार के पीछे चला गया। उन्हें लगा कि वह वहां से चला गया है, किंतु अचानक कार की डिग्गी पर गोलियां लगने लगीं।
यह देखते ही गगनदीप ने कार भगा दी। इसके बावजूद एक्टिवा सवार बदमाश ने उनका पीछा करना जारी रखा। कार जब फिरोजपुर रोड पर पहुंची तो नानकसर गुरुद्वारे के पास बदमाश ने दोबारा फायरिंग की। इसके पश्चात वह मल्हार रोड तक उनका पीछा करता रहा। किसी प्रकार दंपती ने वहां से निकलकर अपनी जान बचाई।
112 पर नहीं लगी कॉल, CP ने घटनास्थल पर भेजी पुलिस
नवनीत कौर ने जानकारी दी कि घटना के पश्चात उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम के 112 नंबर पर कॉल करने की कोशिश की, किंतु कॉल नहीं लग पाई। देर रात उनकी पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा से वार्ता हुई। इसके पश्चात उन्होंने पुलिस बल को घटनास्थल पर भेजकर जांच शुरू करवाई।
दंपती ने थाना पीएयू में शिकायत दी है। नवनीत के मुताबिक, सड़क पर लगे सेफ सिटी कैमरों में भी वारदात कैद हुई है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि अभियुक्त को जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि फायरिंग के पीछे की असली वजह सामने आ सके।







