खडूर साहिब को आठ गुरु साहिबानों की चरणछोह प्राप्त होने की वजह से विशेष धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व हासिल है। सब-डिवीजन का दर्जा मिलने के बाद भी शहर के लोग बुनियादी सुविधाओं हेतु तरस रहे हैं।

सरकारी अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों और कर्मियों की कमी है, जबकि अल्ट्रासाउंड की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। बस अड्डा होने के बाद भी सरकारी रोडवेज बसों की आवाजाही न के बराबर है। टूटी सड़कों, कूड़े के ढेर और अवैध कब्जों के कारण बाजार में रोजाना जाम लगता है। स्थानीय लोगों ने सरकार और प्रशासन से समस्याओं का समाधान कर ऐतिहासिक नगरी का विकास करवाने की मांग की है।

पूर्व मंत्रियों के कार्यकाल में मिलीं अनेक सुविधाएं

विज्ञापनIn-Article Banner

शहर के विकास में इसी विधानसभा इलाका के दो पूर्व मंत्रियों का योगदान रहा है। इनमें कांग्रेस के स्वर्गीय मास्टर जागीर सिंह खैहरा और शिरोमणि अकाली दल के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय जत्थेदार रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा शामिल हैं। ब्रह्मपुरा को माझे का जरनैल भी बताया जाता था।

उनके कार्यकाल में खडूर साहिब में पावरकॉम सब-स्टेशन, सब-डिवीजनल चिकित्सालय, आईटीआई, मार्केट कमेटी कार्यालय, अनाज मंडी में शेड, खेल स्टेडियम और बस अड्डा बनाया गया। इसके साथ ही पक्की गलियां, स्वच्छ पानी की टंकियां और सब-डिवीजन का दर्जा मिला। उस वक्त रोडवेज की लंबी दूरी की बसें भी चलाई गई थीं।

चिकित्सालय में विशेषज्ञ डॉक्टरों और कर्मियों की कमी

मौजूदा वक्त में सब-डिवीजनल अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों, लैब टेक्नीशियनों, क्लर्कों और सफाई कर्मियों की कमी है। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा भी नहीं है। ऐसे में मरीजों को इलाज और जांच हेतु दूसरे शहरों के निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता है।

एक ओर सरकार मोहल्ला क्लीनिक खोलने पर जोर दे रही है, वहीं पहले से संचालित सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में ही डॉक्टरों और कर्मचारियों की कमी बनी हुई है।

बस अड्डा मौजूद, मगर सरकारी बसें नदारद

खडूर साहिब में बस अड्डा तो है, लेकिन सरकारी रोडवेज बसों की आवाजाही न के बराबर है। बसों की कमी की वजह से लोगों को निजी वाहनों और अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। विशेषकर महिलाएं पंजाब सरकार की मुफ्त बस सफर योजना का पूरा फायदा नहीं उठा पा रही हैं।

तहसीलदार की नियुक्ति के बावजूद कामकाज प्रभावित

पिछले काफी वक्त से सब-डिवीजनल कार्यालय में तहसीलदार का पद खाली था। नायब तहसीलदार को अतिरिक्त चार्ज दिया गया था। उनके पास पहले से तीन-चार अन्य तहसीलों का कार्यभार होने की वजह से खडूर साहिब आने वाले लोगों को अपने राजस्व संबंधी काम करवाने में दिक्कत होती थी। हालांकि कुछ दिन पहले यहां तहसीलदार की नियुक्ति कर दी गई है, लेकिन उनके छुट्टी पर जाने की वजह से लोगों को अभी भी इसका पूरा फायदा नहीं मिल पा रहा।

टूटी सड़कों और कूड़े के ढेर से लोग परेशान

नगर को चारों दिशाओं से जोड़ने वाली सड़कें खस्ताहाल हैं। इनके टूटने की वजह से स्थानीय लोगों के साथ ऐतिहासिक नगरी के दर्शन करने आने वाली संगतों को भी समस्या होती है। वहीं कूड़े के निपटारे हेतु स्थायी जगह नहीं होने से सड़कों के किनारे गंदगी के ढेर लगे रहते हैं। इससे बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।

मुख्य बाजार में अंधेरा, अवैध कब्जों से रोजाना जाम

नगर के मुख्य बाजार में स्ट्रीट लाइटों का उचित प्रबंध नहीं है। रात के समय अंधेरा रहने से लोगों को परेशानी होती है। वहीं बाजार में दुकानदारों की ओर से दुकानों के आगे वाहन खड़े किए जाते हैं। ग्राहक भी सड़क किनारे गाड़ियां पार्क कर देते हैं। इसके अलावा सब्जी विक्रेताओं और अन्य दुकानदारों की रेहड़ियां सड़क पर लगने से यातायात प्रभावित होता है।

बाहर से आने वाली संगत को भी होती है परेशानी

बाजार में अवैध कब्जों और बदहाल यातायात व्यवस्था की वजह से स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी जाम में फंसना पड़ता है। ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करने आने वाली संगत और प्रमुख सड़क से होकर गुरुद्वारा श्री बाउली साहिब व श्री गोइंदवाल साहिब जाने वाले मुसाफिरों को दिक्कत झेलनी पड़ती है।

लोगों का कहना है कि पुलिस प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था सुधारने हेतु ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। यदि बाजार में दिन के वक्त पुलिस कर्मियों की नियमित ड्यूटी लगाई जाए तो जाम की परेशानी से काफी हद तक राहत मिल सकती है।

श्मशानघाट और खंडहर इमारतों में नशेड़ियों का जमावड़ा

शहर के विभिन्न श्मशानघाटों और खंडहर हो चुकी सरकारी इमारतों में नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, नशे के आदी लोग बिना किसी डर के इन स्थानों का इस्तेमाल कर रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से इन स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और नशे के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

खबर अभी बाकी है!

  • पसंद की खबरें
  • खबर सबसे तेज
  • लाइव अपडेट

खबर अभी बाकी है!

  • मनचाहे अलर्ट
  • खबर सबसे तेज
  • लाइव अपडेट