- Hindi News
- Business
- CTI Claim: PM Modi Appeal Saved Investor Money On Gold | Latest News
CTI यानी, चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सोना कम खरीदने की अपील हेतु धन्यवाद दिया है। संगठन का दावा है कि इस सलाह की वजह से ज्वेलर्स और निवेशक ऊंचे दामों पर स्टॉक खरीदने और संभावित घाटे से बच गए।
22 नवंबर को लिखे पत्र में CTI ने बताया कि जिस वक्त कम सोना खरीदने की सलाह दी गई थी, तब सोने का भाव 1.90 करोड़ रुपए प्रति किलो था, जो अब घटकर 1.25 करोड़ रुपए प्रति किलो रह गया है। यानी दामों में 65 लाख रुपए प्रति किलो की कमी आई है। इसे प्रति 10 ग्राम में देखें तो भाव 1.90 लाख रुपए से घटकर 1.25 लाख रुपए प्रति किलो रह गया है।
CTI ने बताया कि ज्वेलरी कारोबारी कई महीनों का स्टॉक रखते हैं। अगर उन्होंने ऊंचे भाव पर खरीदारी की होती, तो कीमत गिरने पर उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता। संगठन के अनुसार, मौजूदा शादी के सीजन में कम दामों का फायदा आम ग्राहकों को भी मिल रहा है।
एक दिन पहले लखनऊ में PM ने किया था जिक्र
यह पत्र पीएम मोदी के लखनऊ में दिए बयान के एक दिन बाद आया है। लखनऊ में मोदी ने नागरिकों से गैर-जरूरी सोना न खरीदने की अपनी अपील का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि देशवासियों के कम सोना खरीदने से कीमतों में गिरावट आई और लोगों के पैसे बचे।
10 मई को की थीं 7 अपीलें, विपक्ष ने आलोचना की थी
10 मई 2026 को सिकंदराबाद में पीएम ने पश्चिम एशिया संकट और कच्चे तेल की बढ़ती दामों के बीच विदेशी मुद्रा बचाने हेतु नागरिकों से 7 अपीलें की थीं।
इनमें सोने की खरीद घटाने के अलावा विदेश यात्राएं सीमित करने, ईंधन बचाने, स्वदेशी उत्पाद अपनाने और वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता देने जैसी बातें शामिल थीं।
हालांकि, उस वक्त इन अपीलों को लेकर राजनीतिक बहस भी छिड़ गई थी। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा सहित विपक्ष के कई नेताओं ने इस पर प्रश्न उठाते हुए इल्जाम लगाया था कि सरकार अपनी आर्थिक नीतियों का बोझ आम जनता पर डाल रही है।
व्यापारियों और उद्योगपतियों की संस्था है CTI
CTI यानी चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री प्रमुख रूप से दिल्ली-एनसीआर के व्यापारियों और उद्योगपतियों का एक संगठन है। यह संगठन दिल्ली के थोक और खुदरा बाजारों के कारोबारियों की समस्याओं और मांगों को सरकार के सामने उठाता है।
हालांकि यह संगठन नीतिगत मुद्दों पर काफी सक्रिय रहता है, लेकिन FICCI, CII या CAIT जैसे बड़े राष्ट्रीय संगठनों के मुकाबले इसका दायरा मुख्य रूप से राजधानी और आसपास के इलाकों तक ही सीमित है।







