पंजाबियों और सिखों की धार्मिक पहचान को लेकर कनाडा सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला दिया है। सुप्रीम अदालत ने क्यूबेक सरकार के 2019 में बनाए गए कानून बिल-21 को सही ठहराते हुए सिखों की पगड़ी, पारसियों की टोपी और मुस्लिम महिलाओं के हिजाब पर रोक लगा दी है। ये निर्णय पूरे कनाडा लागू नहीं होगा, केवल क्यूबिक प्रांत में ही लागू रहेगा। अदालत ने कहा कि किसी भी धर्म का व्यक्ति जो क्यूबिक के सरकारी संस्थानों में नौकरी करता है, उनको अपने धर्म का धार्मिक चिह्न पहनने की इजाजत नहीं होगी। कनाडा की सुप्रीम कोर्ट ने क्यूबेक प्रांत में सरकारी कर्मचारियों के धार्मिक प्रतीक पहनने पर लगे प्रतिबंध को भी बरकरार रखा है। इस फैसले से सिख समुदाय के उन लोगों को झटका लगा है, जो सरकारी स्कूलों में शिक्षक या अन्य निर्धारित सरकारी पदों पर कार्यरत हैं। अब वे ड्यूटी के बीच पगड़ी नहीं पहन सकेंगे। इसी तरह मुस्लिम महिलाओं के हिजाब, यहूदियों की किप्पा और ईसाइयों के धार्मिक क्रॉस पहनने पर भी प्रतिबंध लागू रहेगा। सरकार ने कहा-सरकारी संस्थानं को धर्मनिरपेक्ष बनाया गया क्यूबेक सरकार ने इस कानून के जरिए सरकारी संस्थानों में धर्मनिरपेक्षता बनाए रखने का तर्क दिया है। इसके तहत शिक्षकों, पुलिस अफसरों और कुछ अन्य सरकारी कर्मचारियों को काम के बीच धार्मिक पहचान वाले प्रतीक पहनने से रोका गया है। कानून को चुनौती देते हुए धार्मिक स्वतंत्रता और समानता के अधिकारों का हवाला दिया गया था, मगर सुप्रीम अदालत ने सरकार के संवैधानिक अधिकारों के इस्तेमाल को स्वीकार करते हुए प्रतिबंध को बरकरार रखा। निर्णय के पश्चात सिख और अन्य धार्मिक समुदायों में धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर बहस तेज होने की संभावना है। नेशनल काउंसिल ऑफ कनाडियन मुस्लिम्स ने जताया विरोध कोर्ट के इस फैसले की कई समूहों ने आलोचना की। नेशनल काउंसिल ऑफ कनाडियन मुस्लिम्स के सीईओ स्टीफन ब्राउन ने बताया कि यह फैसला राष्ट्र की हर सरकार को ऐसा कानून बनाने का असीमित लाइसेंस देता है जो हर कनाडाई की मौलिक स्वतंत्रता और कानूनी अधिकार छीन ले। उनके अनुसार इस कानून के चलते कई मुस्लिम महिलाओं जो अपनी आस्था के तहत सिर ढंकती हैं,को शिक्षिका के रूप में काम छोड़ना पड़ा और कुछ अपने बच्चों के स्कूलों में स्वयंसेवक तक नहीं रह सकीं। वहीं यूनिवर्सिटी ऑफ वॉटरलू में राजनीति विज्ञान के प्रमुख एमेट मैकफारलेन ने इस कानून को राजकीय नीति के रूप में इस्लामोफोबिया करार दिया। PM कार्नी बोले-सरकार फैसले की समीक्षा करेगी प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने बताया कि सरकार सुप्रीम कोर्ट की स्वतंत्रता का सम्मान करती है और निर्णय की समीक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि कनाडा तब अधिक मजबूत होता है जब हर किसी को अपनी पहचान के साथ फलने-फूलने का अवसर मिले। कार्नी ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार अल्पसंख्यकों की रक्षा करेगी और यह सभी विधायकों की जिम्मेदारी है।