- Hindi News
- Local
- Chandigarh
- Amazon Summons Quashed By Punjab & Haryana High Court | Ludhiana Toy Case
ई-कॉमर्स फर्म अमेजन का कहना है कि उनके प्लेटफॉर्म पर बिकने वाले सामान की क्वालिटी की उनकी कोई जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए बेचने वाले पर कार्रवाई होनी चाहिए।
पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने इस आधार पर एक केस में कंपनी और उसके मैनेजर को जारी समन रद्द कर दिए।
यह मामला लुधियाना में अमेजन के फुलफिलमेंट सेंटर से बिना ISI मार्का के खिलौने जब्त होने से जुड़ा है। जिसके पश्चात लोकल अदालत ने फर्म और उसके ऑपरेशन मैनेजर को समन जारी किए थे। इसी आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी।
- लुधियाना के सेंटर से बिना ISI मार्का वाले खिलौने पकड़े: यह प्रकरण 11 जनवरी 2023 का है। उस दिन अधिकारियों ने लुधियाना स्थित अमेजन के फुलफिलमेंट सेंटर पर छापा मारा था। इसके बाद वहां से बिना ISI मार्का वाले खिलौने जब्त किए गए। इसके बाद मामला अदालत में पहुंच गया। खिलौनों की बरामदगी के मामले में लुधियाना की ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास (JMIC) की कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई गई।
- अदालत में मानकों के उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराई: JMIC की अदालत में ये शिकायत भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) एक्ट 2016 की धारा 17 और 18, 29 और खिलौने (गुणवत्ता नियंत्रण) आदेश 2020 के उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराई गई। अदालत ने 1 अप्रैल 2023 को अमेजन और उसके ऑपरेशन मैनेजर को समन जारी किए थे। इसी आदेश को अमेजन ने हाईकोर्ट में चुनौती दी।
- अमेजन ने बताया- हमें संरक्षण, विक्रेता मानकों का पालन करे: अमेजन की तरफ से दलील दी गई कि अमेजन केवल ऑनलाइन मार्केटप्लेस है, जो खरीदारों और तीसरे पक्ष के विक्रेताओं के बीच संपर्क का माध्यम है। इस संबंध में अमेजन को फर्म को आईटी एक्ट 2000 की धारा 79 के तहत मध्यस्थ के रूप में कानूनी संरक्षण प्राप्त है। लुधियाना के सेंटर में रखा सामान भी तीसरे पक्ष के विक्रेताओं का था। ऐसे में उत्पादों के क्वालिटी के मानकों का पालन करने की जिम्मेदारी संबंधित विक्रेताओं की बनती है।
कोर्ट ने कहा- विक्रेताओं को अभियुक्त नहीं बनाया
हाईकोर्ट ने पाया कि अमेजन मार्केटप्लेस के रूप में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था। जब्त खिलौने जिन विक्रेताओं के थे, उन्हें शिकायत में आरोपी नहीं बनाया गया था।
कोर्ट ने माना कि गुणवत्ता नियंत्रण आदेश के तहत अनुपालन की जिम्मेदारी संबंधित विक्रेता या जिम्मेदार व्यक्ति की है। ऐसे में याचिकाकर्ताओं के खिलाफ कार्यवाही जारी रखना न्यायिक प्रक्रिया का दुरुपयोग होगा।
शिकायतकर्ता अब विक्रेताओं की पहचान कर कार्रवाई कर सकेगा
हाईकोर्ट ने अमेजन और उसके ऑपरेशन मैनेजर के खिलाफ शिकायत, 1 अप्रैल 2023 के समन आदेश और इसके बाद की सभी कार्यवाही रद्द कर दी। हालांकि, कोर्ट ने शिकायतकर्ता पक्ष को यह छूट दी है कि वह कानून का उल्लंघन करने वाले उत्पादों के विक्रेताओं की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर सकता है।







