- Hindi News
- Local
- Punjab
- Ludhiana
- Jagraon
- Jagraon Women Protest Against Drug Mafia | Seek Support From Nihang Singhs
लुधियाना जिले में पंजाब सरकार की 'युद्ध नशे विरुद्ध' मुहिम और जगराओं पुलिस के नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के दावों पर उस समय सवाल खड़े हो गए, जब कच्चा मलक रोड स्थित मोहल्ला जीवन नगर की महिलाएं नशे के खिलाफ सड़कों पर उतर आईं।
बुधवार को निहंग सिंहों का काफिला मोहल्ले में पहुंचा तो भारी संख्या में महिलाएं भी घरों से बाहर आ गईं और नशा तस्करों के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई। इसी बीच महिलाओं ने पुलिस पर गंभीर इल्जाम लगाते हुए कहा कि मोहल्ले में नशे का कारोबार खुलेआम चल रहा है, किंतु शिकायतों के बाद भी हालात नहीं बदल रहे।
निहंगों से नशा तस्करों के खिलाफ लड़ाई में साथ देने की गुहार
मोहल्ले की रहने वाली जीता रानी ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह मेहनत-मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण करती है। एक दिन जब वह दिहाड़ी लगाकर घर लौटी और आराम कर रही थी तो उसका बेटा चिट्टे का नशा करके घर पहुंचा और रसोई में ही गिर पड़ा। बेटे की हालत देखकर बहू ने तत्काल उसे इसकी जानकारी दी।
महिला के अनुसार, बेटे की जान बाल-बाल बची। इसके पश्चात वह उस व्यक्ति के घर शिकायत लेकर पहुंची, जहां से उसका बेटा नशा करके आया था, परंतु आरोप है कि वहां उल्टा उसके साथ गाली-गलौज की गई।
महिला ने जानकारी दी कि इसके पश्चात वह रात के समय निहंग सिंहों के डेरे पर पहुंची और नशा तस्करों के खिलाफ लड़ाई में साथ देने की गुहार लगाई। बुधवार को जब निहंग सिंहों का काफिला मोहल्ले में पहुंचा तो महिलाओं ने भी उनका साथ देते हुए सड़क पर उतरकर नशे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
'नशे का जाल अब उनके घरों तक पहुंच चुका'
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने इल्जाम लगाया कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों ने अब नया तरीका अपना लिया है। अस्पतालों में मुफ्त मिलने वाली जीभ के नीचे रखने वाली गोलियां भी कथित तौर पर बेची जा रही हैं। युवा चिट्टे के अलावा कैप्सूल और अन्य नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं। महिलाओं का कहना था कि नशे का जाल अब उनके घरों तक पहुंच चुका है और परिवारों हेतु अपने बच्चों को बचाना मुश्किल हो रहा है।
मोहल्ला निवासियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप है यदि कोई व्यक्ति पुलिस को शिकायत देता है तो शिकायत की सूचना फौरन कथित तस्करों तक पहुंच कैसे पहुंच जाती है।इसके बाद शिकायत करने वाले परिवारों को धमकियों और परेशानियों का सामना करना पड़ता है। महिलाओं ने कहा कि जब शिकायत करने वालों की पहचान ही सुरक्षित नहीं है तो आम लोग नशा तस्करों के खिलाफ आवाज उठाने से कैसे न डरें?
खाली प्लॉट में नशा करने वालों का जमावड़ा, विरोध पर मिलती हैं धमकियां
एक अन्य महिला ने बताया कि कुछ लोग उसके खाली प्लॉट में बैठकर नशा करते हैं। जब वह उन्हें वहां से हटने हेतु कहती है तो उसे धमकियां दी जाती हैं। महिला के मुताबिक, उसे यहां तक कहा जाता है कि अगर किसी की मृत्यु हो गई तो वह जिम्मेदार नहीं होगी। मोहल्ला निवासियों ने कुछ लोगों पर खुलेआम नशा तस्करी करने के इल्जाम भी लगाए और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की।
महिलाओं का कहना है कि नशे के खिलाफ मात्र अभियान चलाने और बड़े-बड़े दावे करने से कुछ नहीं होगा। जब तक मोहल्लों में नशे की सप्लाई करने वालों पर कार्रवाई नहीं होती और शिकायत करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक युवाओं को इस दलदल से बाहर निकालना मुश्किल है।
खबर अभी बाकी है!
- पसंद की खबरें
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट
खबर अभी बाकी है!
- मनचाहे अलर्ट
- खबर सबसे तेज
- लाइव अपडेट







