लुधियाना जिले में जगराओं की मुख्य अनाज मंडी और इसके 15 खरीद केंद्रों में करीब 20 से 22 लाख बोरी धान की लिफ्टिंग का इंतजार है। सरकारी खरीद के पश्चात उठान धीमा होने से आढ़तियों और मंडी मजदूरों को धान संभालने में समस्या हो रही है।

आढ़ती एसोसिएशन जगराओं के प्रधान कन्हैया गुप्ता ने डिप्टी कमिश्नर लुधियाना, एसडीएम जगराओं, जिला फूड कंट्रोलर, मार्केट कमेटी के चेयरमैन और सचिव समेत संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा है। उन्होंने प्रकरण में दखल देने की मांग की है।

‘धान को खराब मौसम से बचाना मुश्किल हो रहा’

विज्ञापनIn-Article Banner

एसोसिएशन ने बताया कि खरीद एजेंसियों से लिफ्टिंग तेज करने की अपील के बाद भी हालात में सुधार नहीं हुआ। खुले में रखे धान को खराब मौसम से बचाना मुश्किल हो रहा है। रात में चोरी का खतरा भी बना रहता है।

एसोसिएशन के अनुसार, दिनभर काम के पश्चात मजदूर थककर सो जाते हैं, इसलिए धान की रखवाली करना मुश्किल होता है। इस बार गर्म मौसम में धान सूखने से उसका वजन घट रहा है। वजन की कमी का नुकसान मजदूरों और आढ़तियों को शॉर्टेज के रूप में उठाना पड़ता है।

'मजदूरों की कमी की वजह से ज्यादा मजदूरी देनी पड़ रही'

कन्हैया गुप्ता ने बताया कि प्रवासी मजदूरों की कमी की वजह से धान संभालने हेतु मंडी बोर्ड की तय दर से अधिक मजदूरी देनी पड़ रही है। नई फसल की आवक हेतु जगह बनाने के बीच पुरानी खरीद का धान संभालना भी जरूरी है। इससे मजदूरों और आढ़तियों पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

आढ़ती एसोसिएशन जगराओं के प्रधान कन्हैया गुप्ता ने प्रशासन से मांग की है कि सरकारी खरीद एजेंसियों को लिफ्टिंग की रफ्तार दोगुनी करने के निर्देश दिए जाए, ताकि राष्ट्रीय संपत्ति अनाज को नुकसान से बचाया जा सके और आढ़तियों व मजदूरों को लगातार हो रहे आर्थिक नुकसान से राहत मिल सके।

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर