जालंधर | उपमंडल दंडाधिकारी (एसडीएम-2) और पीसीएस अफसर आदित्य गुप्ता ने प्रतिष्ठित इंडिया इंटरनेशनल पिच एंड पुट ओपन 2026 में दूसरा स्थान हासिल कर जिले और पंजाब का नाम रोशन किया। उन्होंने 14 देशों के 70 से ज्यादा गोल्फरों के बीच भारतीय दल का नेतृत्व करते हुए तीन राउंड के कुल 154 (-8 अंडर पार) स्कोर के साथ उपविजेता ट्रॉफी जीती। वह कैटालोनिया, स्पेन के अलेक्जांद्र अल्बिन्याना से दो स्ट्रोक पीछे रहे। यह चार दिवसीय चैंपियनशिप तारूधन वैली, मानेसर (गुरुग्राम) में हुई। कार्यक्रम इंडियन पिच एंड पुट एसोसिएशन (आईपीपीए) ने किया, जिसे फेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल पिच एंड पुट एसोसिएशंस (एफआईपीपीए) की मान्यता प्राप्त थी। प्रतियोगिता को भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय का समर्थन भी मिला। उपलब्धि के पश्चात एसडीएम आदित्य गुप्ता ने शुक्रवार को उपायुक्त वरजीत वालिया से मुलाकात कर उपविजेता ट्रॉफी प्रस्तुत की।