- Hindi News
- Local
- Punjab
- Jalandhar
- Driver Dozes Off, Truck Crashes Into Dr BR Ambedkar Chowk
दिवाली की सुबह लगभग साढ़े 7 बजे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। एक तेज रफ्तार ट्रक सीधे डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक पर चढ़ गया। ट्रक चौक पर लगे बोर्ड, दीवार और स्ट्रीट लाइटों को तोड़ता हुआ बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा के बिल्कुल नजदीक जाकर रुका। गनीमत रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन सरकारी संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा है। यह देखकर लोग भड़क गए और उन्होंने ट्रक के शीशे तोड़ दिए।
चश्मदीद प्रभमीत सिंह ने बताया कि मैं कपूरथला जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। चौक से अभी एक कार निकली ही थी कि महज़ तीन सेकंड के भीतर तेजी से एक ट्रक चौक पर चढ़ गया। कार सवार भाग्यशाली रहे कि वे ट्रक की चपेट में आने से बच गए। उधर, एसीपी मनमोहन सिंह ने कहा कि अभियुक्त चालक के खिलाफ थाना-6 में केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है तथा ट्रक को भी ज़ब्त कर लिया गया है।
चालक गुरभिंदर सिंह (निवासी ग्राम सालोदीन, तरनतारन) ने पूछताछ में कबूल किया कि वह कानपुर से चमड़ा लादकर जालंधर के लेदर कॉम्प्लेक्स जा रहा था। लगभग 850 किलोमीटर तक ट्रक चलाकर वह रविवार सुबह जालंधर पहुंचा था। चालक ने जानकारी दी कि मुझे डर था कि कहीं मैं नो-एंट्री में न फंस जाऊं, इस कारण सुबह 8 बजे से पहले लेदर कॉम्प्लेक्स पहुंचना जरूरी था।
इस वजह से ट्रक की रफ्तार भी तेज थी। चौक के पास पहुंचते ही अचानक मेरी आंख लग गई और देखते ही देखते ट्रक सीधे चौक को तोड़ता हुआ बीच में जा घुसा।" उसने आगे बताया कि हादसे के तुरंत बाद वह घबरा गया था कि कहीं कोई गाड़ी के नीचे न आ गया हो। नीचे उतरकर देखा तो लोग सुरक्षित थे, लेकिन चौक क्षतिग्रस्त हो चुका था। उग्र भीड़ ने जब ट्रक पर पथराव शुरू कर दिया, तो वह डर के मारे पास में ही छिप गया था।







