फर्जी CDC से विदेश भेजने वाला गिरोह बेनकाब: मोगा पुलिस ने मुख्य एजेंट को किया गिरफ्तार, 20 लाख रु. लेकर अपराधियों को भेजे देते थे – Moga News
विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने और फर्जी दस्तावेजों के जरिए अवैध रूप से विदेश भेजने वाले एक बड़े संगठित गिरोह का मोगा पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य एजेंट को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। थाना महिणा में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और पंजाब ट्रैवल प्रोफेशनल्स (रेगुलेशन) एक्ट, 2014 की धारा-13 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर गुरसेवक सिंह ने बताया कि पुलिस टीम बस अड्डा महिणा क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर ने सूचना दी कि कुलबीर सिंह उर्फ बब्बू निवासी रामपुर जंगीर, जिला कपूरथला अपने साथियों विकास जायसवाल, अंसारी, नीलिमा पनावरप्पु और इकबाल उर्फ रवि ढालीवाल के साथ मिलकर अवैध रूप से विदेश भेजने का रैकेट चला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुघीपुरा चौक, मोगा में छापेमारी कर कुलबीर सिंह को धर दबोचा। जाली CDC और फर्जी वीजा से भेजते थे यूरोप व यूके पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह विदेश जाने के इच्छुक सीधे-साधे लोगों और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को निशाना बनाता था। आरोपियों द्वारा फर्जी कंटीन्यूअस डिस्चार्ज सर्टिफिकेट (CDC) और अन्य जाली दस्तावेज तैयार किए जाते थे। इन्हीं फर्जी दस्तावेजों के सहारे बिना वैध वीजा के लोगों को यूरोप, यूनाइटेड किंगडम (UK) सहित अन्य देशों में अवैध रूप से भेजा जाता था। 20 लाख रुपये लेकर आरोपी को भेजा था यूके प्रारंभिक पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि वर्ष 2023 में इस गिरोह ने अपने ही साथी इकबाल उर्फ रवि ढालीवाल से लगभग 20 लाख रुपये लेकर उसे यूके भेजा था। वर्तमान में इकबाल यूके में अवैध रूप से रह रहा है और वहीं से भारत में आपराधिक गतिविधियों को संचालित कर रहा है। डिजिटल साक्ष्यों की जांच और छापेमारी जारी गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी के पास से ओप्पो (Oppo) और वीवो (Vivo) कंपनी के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस मोबाइल डेटा और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहनता से जांच कर रही है ताकि नेटवर्क के बाकी सदस्यों तक पहुँचा जा सके। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
Source link

