फरीदकोट में 300 ग्राम हेरोइन समेत 2 तस्कर अरेस्ट: लिंक रोड पर वारदात की फिराक में घूम रहे थे; आरोपी तरनतारन के रहने वाले – Faridkot News
फरीदकोट में सीआईए स्टाफ जैतो की टीम ने 300 ग्राम हेरोइन के साथ मोटरसाइकिल सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान तरनतारन जिले के गांव माड़ी कंबोके निवासी अर्शदीप सिंह और करणदीप सिंह के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना सदर कोटकपूरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के दिशा-निर्देशों पर जिले में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत सीआईए स्टाफ जैतो के प्रभारी एएसआई दर्शन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे के साथ स्थित गांव संधवां में कोठे सिखांवाला से कोठे संधवां जाने वाले लिंक रोड पर एक टाहली के पेड़ के नीचे खड़ी मोटरसाइकिल के पास दो युवक बैठे दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों घबरा गए, जिस पर शक के आधार पर उन्हें काबू कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 300 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर थाना सदर कोटकपूरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच की जाएगी: डीएसपी डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान बरामद हेरोइन के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की खेप कहां से लाई गई और किसे सप्लाई की जानी थी। इसके अलावा आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
Source link

