पंजाब-चंडीगढ़ अपडेट्स: अमृतसर के होटल में युवक की लाश मिली; पठानकोट में यात्रियों से भरी लग्जरी बस पलटी, 16 घायल – Mohali News

पंजाब-चंडीगढ़ अपडेट्स:  अमृतसर के होटल में युवक की लाश मिली; पठानकोट में यात्रियों से भरी लग्जरी बस पलटी, 16 घायल – Mohali News


अमृतसर में होटल से निकाल शव को लेकर जाते लोग।

अमृतसर के 100 फुटी रोड स्थित होटल फोर सीजन में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही थाना बी-डिवीजन पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे से युवक का शव बरामद कर जांच शुरू कर दी।

.

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के निवासी संदीप सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि संदीप सिंह शनिवार देर रात फ्लाइट से अमृतसर आया था। अपने मामा के बेटे के साथ होटल के कमरे में ठहरा था।

दोनों रात करीब 1 से 1:30 बजे कमरे में पहुंचे और सो गए। रविवार दोपहर जब मामा का बेटा उठा तो उसने देखा कि संदीप सिंह कोई हरकत नहीं कर रहा था। इसके बाद होटल प्रबंधन को सूचना दी गई और पुलिस को बुलाया गया। (पढ़ें पूरी खबर)

पठानकोट में लग्जरी बस पलटी, 16 यात्री घायल

पठानकोट के डमटाल क्षेत्र में देर रात एक निजी ट्रैवल कंपनी की लग्जरी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह बस जम्मू से हरिद्वार जा रही थी। हादसे में 16 यात्री घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस में कुल 57 यात्री सवार थे।

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी हॉलिडेज की बस (नंबर AR 20 B 0962) जम्मू-जालंधर वाया पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर डमटाल स्थित नरुला पेट्रोल पंप के समीप अनियंत्रित हो गई। बस मुख्य मार्ग से सर्विस लेन की ओर पलट गई।

हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायल हुए 16 यात्रियों को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल इंदौरा पहुंचाया गया। (पढ़ें पूरी खबर)

मोहाली में तेज रफ्तार थार पलटी, युवक की मौत

मोहाली में तेज रफ्तार थार पलटने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक के दोस्त इसे सड़क हादसा बता रहे हैं, जबकि शव पर चोट के निशान देखकर परिवार ने संदेह जताया है। मृतक के पिता ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की है। मृतक की पहचान सादिक शर्मा निवासी अखनूर, जम्मू के रूप में हुई है।

पिता राजिंदर कुमार जम्मू में महावीर स्वीट शॉप चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि सादिक उनके कारोबार में मदद करता था। सादिक अपने बचपन के दोस्त वंश के बुलावे पर मोहाली आया था। वंश का एक युवती के साथ विवाद हो गया था, जो थाने तक पहुंच गया था। सादिक पिछले तीन-चार दिनों से इसी विवाद को सुलझाने के लिए मोहाली में रुका हुआ था।

पिता ने बताया कि रविवार सुबह करीब चार बजे सादिक के दोस्त आर्यन ने उन्हें हादसे की सूचना दी। वे तुरंत जम्मू से मोहाली पहुंचे, जहां अस्पताल में उन्हें बेटे की मौत की जानकारी मिली। दोस्तों के बयान के अनुसार शनिवार रात फ्लैट से छह दोस्त थार में सवार होकर निकले थे। (पढ़ें पूरी खबर)

तरनतारन में ग्रंथी का 8 दिन बाद मिला शव, नहर में लगाई थी छलांग

तरनतारन में पट्टी के वार्ड नंबर 12 के रहने वाले ग्रंथी सलविंदर सिंह का शव हरियाणा के मसीता बॉर्डर के पास से बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव के कारण उन्होंने 8 दिन पहले हरिके नहर में छलांग लगाई थी। शुक्रवार को शिवाला रोड स्थित श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

मृतक की पत्नी सुखविंदर कौर ने बताया कि सलविंदर सिंह पाठ की सेवा करके परिवार का गुजारा चलाते थे। पहले वे एक गुरुद्वारा साहिब में ग्रंथी के रूप में सेवा निभाते थे, जहां उन्हें प्रति माह केवल 6,000 रुपए मिलते थे। इतनी कम आय में घर का खर्च न चलने के कारण उन्होंने वह नौकरी छोड़ दी थी। नौकरी छोड़ने के बाद वे स्वतंत्र रूप से पाठ की सेवा करने लगे, लेकिन वहां भी उन्हें पर्याप्त काम नहीं मिल रहा था। (पढ़ें पूरी खबर)

अबोहर में डिग्गी में डूबने से चचेरे भाई-बहन की मौत

अबोहर में पानी की एक डिग्गी में डूबने से 6 वर्षीय बच्चे और उसकी 8 वर्षीय चचेरी बहन की मौत हो गई। दोनों बच्चे पिछले दिन से लापता थे, जिनके शव देर रात और आज सुबह डिग्गी से बरामद किए गए। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना खुईयां सरवर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जाँच की जा रही है कि बच्चे खेल-खेल में डिग्गी तक कैसे पहुंचे और यह हादसा कैसे हुआ।

गांव मौजगढ़ के रहने वाले दीपक और रंजीत खेतीबाड़ी का काम करते हैं। शनिवार को सुबह करीब 11 बजे दीपक का 6 वर्षीय बेटा सिद्धांत और रंजीत की 8 वर्षीय बेटी लवप्रीत घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक लापता हो गए। दोपहर तक जब दोनों बच्चे घर नहीं लौटे। (पढ़ें पूरी खबर)

वेरका के दूध की क्वालिटी गिरी, लुधियाना में डिस्ट्रिब्यूटर्स की शिकायत

पंजाब के सबसे भरोसेमंद और सबसे बड़े डेयरी ब्रांड ‘वेरका’ की क्वालिटी पर सवाल खड़े होने लगे हैं। वेरका मिल्क की क्वालिटी पर सवाल कोई और नही बल्कि वही लोग उठा रहे हैं जो इस दूध को बेच रहे हैं।

लुधियाना वेरका डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि दूध का पैकट आधे घंटे में खराब हो रहे हैं। ग्राहक दूध खराब होने पर वापस ला रहे हैं। एसोसिएशन का तर्क है कि प्लांट में क्वालिटी को लेकर मापदंड सही से नहीं अपनाए जा रहे।

एसोसिएशन ने लुधियाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके दूध की जांच करने की मांग सरकार से रखी है। इसके साथ ही उन्होंने वेरका प्रबंधन पर मनमानी करने का आरोप लगाया जिससे डिस्ट्रीब्यूटर भी काफी परेशान हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

तरनतारन में युवक ही हत्या, धारदार हथियारों से हमला

तरनतारन के सराय अमानत खां स्थित गांव बुर्ज (राजाताल) के पास युवक की हत्या कर दी। युवक के शरीर पर धारदार हथियारों से गहरे घाव पाए गए है। मृतक की पहचान शिवदीप सिंह निवासी गांव भैणी गिलां, थाना कंबोज के रूप में हुई है। एसएचओ बलजिंदर सिंह बाजवा ने बताया कि मृतक युवक के खिलाफ विभिन्न थानों में मामले दर्ज थे।

जानकारी के अनुसार, सराय अमानत खां थाने को किसी ने सूचना दी थी कि गांव बुर्ज (राजाताल) के पास कलसन वाली रोड पर एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही सराय अमानत खां थाने के हेड एसएचओ बलजिंदर सिंह बाजवा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। (पढ़ें पूरी खबर)

सिख संगठनों ने लाडोवाल टोल फ्री करवाया, 2KM तक जाम लगा

सिख धर्म पर अभ्रद टिप्पणी करने वाले चेतन शर्मा की गिरफ्तारी न होने पर गुस्साए सिख संगठनों व निहंग जत्थों ने पंजाब के सबसे महंगे लाडोवाल टोल प्लाजा पर धरना दिया। इसके बाद टोल फ्री कर दिया गया। सिख संगठनों का कहना है कि 25 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस चेतन शर्मा को गिरफ्तार नहीं कर पाई।

लाडोवाल टोल प्लाजा पर लुधियाना से जालंधर की तरफ जाने वाली सड़क पर सिर्फ एक लेन से व्हीकल निकाले गए। जिसकी वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं जालंधर की तरफ से आने वाली ज्यादार लेन से वाहन फ्री में निकल। (पढ़ें पूरी खबर)

लुधियाना में खुद को पुलिस अफसर बताकर नाबालिग से रेप

लुधियाना में एक व्यक्ति ने खुद को पुलिस अफसर बताकर 17 वर्षीय नाबालिग से रेप किया। आरोपी ने परिजनों को डरा-धमकाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया है। घटना 7 जुलाई की है। पीड़िता उम्र 17 साल किशोरी ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि आरोपी बलविंदर सिंह निवासी उत्तम विहार, मालेवाल, लुधियाना ने खुद को पुलिस मुलाजिम बताया।

आरोपी ने पीड़िता पर दबाव बनाया और जबरन बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद वह उसे एक सुनसान और खाली जगह पर ले गया, जहां उसने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बलविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता के बयान के बाद लुधियाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। डिवीजन नंबर 8 पुलिस स्टेशन के अंतर्गत पुलिस ने FIR दर्ज की है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 (दुष्कर्म), 319(2) (धोखाधड़ी/भेष बदलना) और 4 पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *