- Hindi News
- Local
- Punjab
- Bathinda
- Government Committed To Promoting Clean Energy And Benefiting Farmers: Aman Arora
पंजाब सरकार सौर ऊर्जा के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों को फायदा पहुंचाने हेतु प्रतिबद्ध है। इसी के तहत ग्राम चाउके में चलाए जा रहे प्रोजेक्ट के अंतर्गत 24 किसानों को बिजली निर्यात करने के बदले कुल 3.08 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की गई। यह राशि पंजाब सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री अमन अरोड़ा ने िवतरित की।
अरोड़ा ने बताया कि आठ महीने पहले पीएसपीसीएल के चाउके स्थित पीरकोट फीडर को इस प्रोजेक्ट हेतु चुना गया था, जिसके तहत 24 अन्नदाताओं ने खेतों की सिंचाई के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले मोटर पंपों पर 10 हॉर्स पावर से 20 हॉर्स पावर तक के सौर ऊर्जा प्लांट लगाए थे। इन किसानों को 90 प्रतिशत सब्सिडी दी गई थी।
उन्होंने बताया कि इन सौर ऊर्जा प्लांटों के माध्यम से पैदा होने वाली बिजली से किसानों के मोटर पंप चलते हैं और खेतों की सिंचाई होती है, जबकि बची हुई अतिरिक्त बिजली किसानों द्वारा 2.50 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से पीएसपीसीएल को बेची जाती है। इसके बदले आज इन किसानों को कुल 3.08 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है।
उन्होंने कहा कि इस पहल से जहां किसान स्वच्छ ऊर्जा पैदा कर रहे हैं, वहीं अतिरिक्त बिजली बेचकर अच्छी आय भी प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा इन प्लांटों हेतु 90 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है। इस अवसर पर विधायक रामपुरा बलकार सिंह सिद्धू, विधायक मौड़ मंडी सुखबीर सिंह माइसरखाना, शहर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन जतिंदर सिंह भल्ला आदि मौजूद थे।







