जालंधर | सेठ हुक्म चंद एस.डी. पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल न्यू प्रेम शहर में शिक्षकों के मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के मकसद से द आर्ट ऑफ लिविंग – मानसिक कल्याण और तनाव प्रबंधन विषय पर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। विद्यालय में विनोद सोनी, डॉ. मीनाक्षी, प्राग और रुद्र प्रताप का स्वागत किया गया। सत्र के बीच विनोद सोनी ने मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच और संतुलित जीवन जीने की कला पर विचार रखे। उन्होंने शिक्षकों को दैनिक व्यस्तताओं और चुनौतियों के बीच तनावमुक्त रहने, मानसिक शांति बनाए रखने तथा भावनात्मक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने हेतु प्रेरित किया। प्रधानाचार्य ममता बहल ने बताया कि शिक्षक विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी आवश्यक है।