रोपड़-चंडीगढ़मार्ग पर पुलिस लाइन के समीप शनिवार रात एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से पंजाब पुलिस के कांस्टेबल हरप्रीत सिंह (42) की जान चली गई। हादसे के बाद अज्ञात कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर फरार चालक की तलाश आरंभ कर दी है। हरप्रीत सिंह वर्तमान में 7वीं बटालियन पीएपी (PAP), जालंधर में तैनात थे।

बस से उतरकर पुलिस लाइन गेट की ओर जा रहे थे हरप्रीत

विज्ञापनIn-Article Banner

थाना सिटी में तैनात सब-इंस्पेक्टर (SI) सुभाष कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि कांस्टेबल हरप्रीत सिंह शनिवार रात बस से उतरकर पैदल ही पुलिस लाइन के मुख्य गेट की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान रोपड़ से चंडीगढ़ की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे के तुरंत पश्चात स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए उन्हें एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल रूपनगर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के पश्चात उन्हें मृत घोषित कर दिया।

फौज से रिटायर होकर पुलिस में हुए थे भर्ती

परिजनों ने नम आंखों से जानकारी दी कि हरप्रीत सिंह राष्ट्र सेवा के जज्बे से ओतप्रोत थे। वे लगभग तीन वर्ष पहले भारतीय फौज से सेवानिवृत्त हुए थे और इसके बाद करीब एक वर्ष पहले ही पंजाब पुलिस में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे।

परिजनों के अनुसार, हादसे से कुछ समय पहले ही हरप्रीत सिंह ने घर पर फोन कर बात की थी और कहा था कि वे आज रात खाना नहीं खाएंगे, किंतु घर आकर दूध जरूर पिएंगे।

किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी कॉल साबित होगी। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। पुलिस ने मृतक के जीजा हरजीत सिंह के बयान के आधार पर फरार कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और पोस्टमॉर्टम के पश्चात शव अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंप दिया गया है।

खबर अभी बाकी है!

  • पसंद की खबरें
  • खबर सबसे तेज
  • लाइव अपडेट

खबर अभी बाकी है!

  • मनचाहे अलर्ट
  • खबर सबसे तेज
  • लाइव अपडेट