- Hindi News
- Local
- Punjab
- Bathinda
- Factionalism Dominates Congress; Committee Arrives In Bathinda To Prepare Manifesto, Most Leaders Missing
विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। जनता की नब्ज टटोलने हेतु बठिंडा में आयोजित निर्वाचन मैनिफेस्टो कमेटी की मीटिंग में जहां किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और कर्मियों ने अपनी समस्याएं रखीं, वहीं नगर में पोस्टर लगाकर टिकट की दावेदारी जताने वाले कांग्रेस नेताओं की गैरमौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी रही।
खास बात यह रही कि मीटिंग में टिकट के दावेदारों की अनुपस्थिति को लेकर पूछे गए प्रश्न पर मैनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन और सांसद अमर सिंह ने चुटकी लेते हुए बताया कि इससे साबित होता है कि कांग्रेस मजबूत पार्टी है और इसी कारण टिकट के दावेदारों की संख्या अधिक है। जिलाध्यक्ष राजन गर्ग के नेतृत्व में हुई इस मीटिंग में छह जिलों के हलका इंचार्ज, पार्टी नेताओं और विभिन्न वर्गों के 150 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। किसानों, मजदूरों, कच्चे मुलाजिमों, कर्मचारियों, व्यापारियों और आम लोगों ने अपनी समस्याएं रखते हुए चुनावी घोषणा पत्र हेतु सुझाव दिए।
मैनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन और सांसद अमर सिंह और को-चेयरमैन एवं सांसद गुरजीत सिंह औजला ने बताया कि कांग्रेस का चुनावी घोषणा पत्र दिसंबर के मध्य तक जारी किया जाएगा। इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की जरूरतों और अपेक्षाओं को शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने पर घोषणा पत्र में किए गए वादों को पूरा किया जाएगा। हालांकि, कांग्रेस सरकार के साल 2017 में पंजाब को नशा मुक्त बनाने के दावे को पूरा नहीं कर पाने संबंधी सवाल पर अमर सिंह गोलमोल अंदाज में जवाब देते नजर आए। चुनावी घोषणा पत्र को कानूनी रूप से बाध्यकारी बनाने के प्रश्न पर अमर सिंह ने कहा कि यदि केंद्र सरकार इसे लागू करती है तो सभी राज्यों में राजनीतिक दलों हेतु इसे कानूनी रूप देना आवश्यक हो जाएगा।
महिलाओं को मिलने वाली 1000 और 1500 रुपये की आर्थिक सहायता योजना को लेकर भी कांग्रेस नेताओं ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने बताया कि विपक्ष की ओर से यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि दूसरी सरकार बनने पर योजना बंद हो जाएगी। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार बनने पर किसी भी जनकल्याणकारी योजना को बंद नहीं किया जाएगा, बल्कि जरूरत के अनुसार उसे और बेहतर बनाया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की ओर से व्यापारियों को 5 रुपये प्रति यूनिट बिजली देने की घोषणा पर भी प्रतिक्रिया दी। अमर सिंह और औजला ने दावा किया कि यह घोषणा कांग्रेस के साल 2017 के चुनावी घोषणा पत्र से ली गई है।
बैठक में पूर्व विधायक कुलबीर सिंह जीरा, पूर्व विधायक प्रकाश सिंह भट्टी, जिला उपाध्यक्ष तथा प्रेस मीडिया इंचार्ज रुपिंदर बिंद्रा, मुक्तसर साहिब के जिलाध्यक्ष नवदीप सिंह बराड़, फरीदकोट के जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह, फाजिल्का के जिलाध्यक्ष कुलवंत राय सिंगला, मानसा के जिलाध्यक्ष बलजीत सिंह सहित माधो शर्मा, सुखदेव सिंह चहल, किरनजीत सिंह गहरी, सिमरत धालीवाल, लखविंदर सिंह लक्की, पार्षद सूबा सिंह, दर्शन सिंह गांधी, नरेंद्र गांधी, बलजीत सिंह और भूपिंदर गोरा सहित भारी संख्या में नेता तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे।







