- Hindi News
- Local
- Punjab
- Bathinda
- Tobacco Addiction Is The Initial Stage Of Addiction, Which Increases The Risk Of Cancer And Heart Diseases.
तंबाकू का सेवन नशे की शुरुआत का शुरुआती चरण है। इसकी लत न सिर्फ व्यक्ति की सेहत को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि कैंसर, हृदय रोग और सांस संबंधी गंभीर बीमारियों का भी प्रमुख कारण बनती है।
लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों से जागरूक करने और इसकी बिक्री व सेवन पर रोक लगाने हेतु स्वास्थ्य महकमा की ओर से जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 1 नवंबर से आरंभ होकर 31 दिसंबर तक जारी रहेगा। सिविल सर्जन डॉ. तपिंदरजोत के निर्देशानुसार और जिला स्वास्थ्य अफसर डॉ. ऊषा गोयल की अगुवाई में स्वास्थ्य महकमा के मास मीडिया अधिकारियों और कर्मियों की विशेष बैठक हुई। इसमें तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत कोटपा एक्ट को जिले में प्रभावी ढंग से लागू करने और लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की रणनीति बनाई गई।
डीएचओ डॉ. ऊषा गोयल ने कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर, दिल की बीमारियों और सांस संबंधी गंभीर रोगों का मुख्य कारण है। इसके इस्तेमाल को रोकने हेतु लगातार जागरूकता गतिविधियां चलाना आवश्यक है। इसके अलावा कोटपा एक्ट का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।
डॉ. ऊषा गोयल ने बताया कि अभियान के तहत समस्त मास मीडिया अफसरों और कर्मियों को अपने-अपने ब्लॉक में सार्वजनिक स्थानों, शिक्षण संस्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त जागरूकता रैलियां निकालने और दुकानदारों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री से जुड़े कानूनी प्रावधानों की सूचना देने को बताया गया है।
बैठक में कोटपा एक्ट के प्रावधानों की सूचना देते हुए कहा गया कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान प्रतिबंधित है। नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद बेचना कानूनन प्रतिबंधित है। इसके अलावा शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं की जा सकती। बैठक में डिप्टी मास मीडिया अफसर रोहित जिंदल, मात्र सिंह, लखविंदर सिंह कैंथ, गगनदीप सिंह भुल्लर, बीईई महेश शर्मा, मालविंदर सिंह, सोनदीप सिंह संधू और मनजीत सिंह मौजूद रहे।







