जालंधर |नगर के दो संकरे पुल लोगों के लिए बड़ी समस्या का कारण बन रहे है। पहला पुल जमशेर डेयरी कॉम्प्लेक्स के पास जमशेर ड्रेन पर बना है। इसे अर्बन एस्टेट के पॉश इलाकों से कैंट क्षेत्र की नई कॉलोनियों तक आवागमन हेतु महत्वपूर्ण कड़ी माना जाता है। कैंट की तरफ से रोजाना 50 हजार से ज्यादा लोग इस पुल से होकर जमशेर डेयरी कॉम्प्लेक्स की ओर जाते हैं। पुल की बाउंड्री वॉल गिर चुकी है और इसकी चौड़ाई इतनी कम है कि एक समय में केवल एक कार ही निकल पाती है। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगती हैं और लोग बारी-बारी से निकलने को मजबूर हैं। दूसरी ओर शहीद बाबू लाभ सिंह नगर में बिस्त दोआब नहर पर बना संकरा पुल भी रोजमर्रा के ट्रैफिक में बाधा बन रहा है। यहां अक्सर वाहन दीवारों से टकराते हैं। पुल को 90 लाख रुपये की लागत से चौड़ा करने की योजना बनी हुई है, लेकिन काम अब तक प्रारंभ नहीं हो सका है।