- Hindi News
- Local
- Punjab
- Tarn
- Goindwal Jail Raid: Mobile Phones And Contraband Seized In Tarn Taran
तरनतारन के गोइंदवाल साहिब सेंट्रल जेल में वीरवार को तलाशी अभियान चलाया गया। इसी बीच तीन कैदियों के पास से मोबाइल फोन और प्रतिबंधित सामान बरामद हुआ। तलाशी में दो टच स्क्रीन और एक कीपैड मोबाइल फोन मिला।
इसके अतिरिक्त तंबाकू उत्पाद, बीड़ी के बंडल और नकदी भी बरामद की गई। जेल प्रशासन की शिकायत पर पुलिस ने तीनों कैदियों के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज किए हैं। प्रकरण में जेल के बाहर से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद करवाई गई है।
डीएसपी हरमीक सिंह ने बताया कि जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट केवल सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन कैदियों के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज किए हैं।
जेठुवाल के रहने वाले है तीनों आरोपी
आरोपियों की पहचान आकाशदीप सिंह उर्फ कला पुत्र सुखदेव सिंह, गगनदीप सिंह पुत्र सुरजीत सिंह और हरप्रीत सिंह पुत्र अवतार सिंह के रूप में हुई है। तीनों जेठुवाल के रहने वाले हैं।
जेल में तलाशी के बीच आरोपियों के पास से दो टच स्क्रीन मोबाइल फोन, एक कीपैड मोबाइल, तंबाकू उत्पादों की 55 पुड़ियां, 16 कूल लिप, बीड़ी के 53 बंडल और 170 रुपये नकद बरामद हुए। इसके अतिरिक्त जेल के बाहर से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद करवाई गई है। जेल प्रशासन ने बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान पुलिस के हवाले कर दिया।
अज्ञात लोगों की भूमिका की जांंच कर रही पुलिस
डीएसपी हरमीक सिंह के मुताबिक, एएसआई राजीव कुमार की ओर से प्रकरण में कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मुकदमा नंबर 628 सहित दो मुकदमे दर्ज किए हैं। ये प्रकरण प्रिजन एक्ट की धारा 42ए और 48ए के तहत दर्ज किए गए हैं। पुलिस अज्ञात लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि मोबाइल फोन और प्रतिबंधित सामान जेल के अंदर कैसे पहुंचा। मोबाइल फोन में इस्तेमाल किए गए सिम कार्ड और उनके जरिए किन लोगों से संपर्क किया गया, इसकी भी पड़ताल की जाएगी। पुलिस यह भी छानबीन करेगी कि जेल के बाहर से बरामद मोटरसाइकिल का इस प्रकरण से क्या रिश्ते है। फिलहाल प्रकरण की छानबीन जारी है।







