- Hindi News
- Local
- Punjab
- Fazilka
- Fazilka Anaj Mandi Theft | Basmati Rice Bags Stolen CCTV Footage
फाजिल्का अनाज मंडी में धान चोरी की लगातार हो रही घटनाओं से आढ़ती परेशान हैं। ताजा मामले में पिकअप सवार लोग एक दुकान के सामने रखे बासमती धान के 19 गट्टे चोरी कर ले गए।
आढ़ती के अनुसार, आरोपी रात के समय पिकअप लेकर मंडी में पहुंचे थे। सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी वारदात कैद हुई है।
इससे पहले भी मंडी में दो अलग-अलग जगहों से धान के गट्टे चोरी हो चुके हैं। आढ़ती एसोसिएशन ने पुलिस से आरोपियों को पकड़ने और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।
रात दुकान बंद करके घर गया, सुबह 19 गट्टे गायब मिले
आढ़ती दीपक बावा ने बताया कि वह बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे अनाज मंडी में अपनी दुकान का रिकॉर्ड चेक करने के पश्चात घर लौट गए थे। वीरवार सुबह जब वह दुकान पर पहुंचे तो सामने रखे बासमती धान के 19 गट्टे गायब मिले।
इसके पश्चात उन्होंने दुकान के सीसीटीवी कैमरे चेक किए। फुटेज में पिकअप सवार कुछ लोग रात के समय दुकान के सामने पहुंचे और महज पांच मिनट में धान के 19 गट्टे उठाकर ले जाते दिखाई दिए। दीपक बावा ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक माह में चोरी की ये तीसरी घटना
आढ़ती एसोसिएशन फाजिल्का के अध्यक्ष संजीव सचदेवा उर्फ गोल्डी ने बताया कि मंडी में धान चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 10 नवंबर की रात को आढ़ती राजिंदर नाथ दहूजा की फर्म के प्राइवेट यार्ड से बासमती धान के 30 से 35 गट्टे चोरी हुए थे।
इसके साथ ही एक दिन पहले राकेश धूड़िया की दुकान के बाहर से भी धान के करीब 10 गट्टे चोरी कर लिए गए थे। अब दीपक बावा की दुकान के सामने से 19 गट्टे चोरी होने के पश्चात आढ़तियों में चिंता बढ़ गई है।
एसोसिएशन अध्यक्ष ने पुलिस से मांग की है कि चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। साथ ही अनाज मंडी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि कृषकों और आढ़तियों की उपज सुरक्षित रह सके।







