पंजाब सरकार की मुलाजिम और पेंशनर विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करते हुए संयुक्त तालमेल कमेटी, पंजाब कर्मी तथा पेंशनर संयुक्त फ्रंट और साझा कर्मचारी मंच ने फरीदकोट जिले में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

इस संबंध में पेंशनर नेता प्रेम चावला की अध्यक्षता में स्थानीय पेंशनर भवन में विभिन्न मुलाजिम संगठनों के नेताओं की मीटिंग हुई।

2, 3 और 5 दिसंबर को विधायकों के आवास पर प्रदर्शन

विज्ञापनIn-Article Banner

बैठक में फैसला लिया गया कि 2 दिसंबर को जैतो के विधायक अमोलक सिंह, 3 दिसंबर को पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के गांव संधवां एवं 5 दिसंबर को फरीदकोट के विधायक गुरदित्त सिंह सेखों के आवास के सामने रोष प्रदर्शन किया जाएगा।

इसी बीच नेताओं के पुतले भी फूंके जाएंगे। इसके बाद पुतलों की राख एकत्रित कर 6 दिसंबर को लुधियाना के गंदे नाले में फेंकी जाएगी।

डीए और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग

बैठक को संबोधित करते हुए पंजाब स्टेट मिनिस्टीरियल सर्विसेज यूनियन के जिला प्रधान बिक्रमजीत सिंह ढिल्लों, रविंदर पाल सिंह घाली, जतिंदर कुमार, इंद्रजीत सिंह खीवा, कुलवंत सिंह चानी, जगसीर सिंह खारा, शिक्षक नेता धर्मेंद्र सिंह, मनदीप सिंह कपूर, वीर इंद्रजीत सिंह पुरी, बलकार सिंह सहोता, नरेंद्र सिंह, प्रिंसिपल कृष्ण लाल और अशोक कौशल सहित अन्य नेताओं ने कहा कि सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों की मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रही है।

उन्होंने मांग की कि कर्मियों और पेंशनरों का बकाया डीए जारी किया जाए और पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाए। इसके साथ ही कच्चे कर्मियों को नियमित करने और आशा वर्करों, मिड-डे मील वर्करों और आंगनवाड़ी वर्करों के मानदेय में उचित बढ़ोतरी करने की मांग उठाई गई।

कर्मी विरोधी पत्र रद्द करने की भी मांग

कर्मी संगठनों ने 15 जनवरी 2015 और 17 जुलाई 2020 के कर्मचारी विरोधी बताए जा रहे पत्रों को रद्द करने की मांग भी उठाई। नेताओं का कहना था कि इन फैसलों से कर्मियों के हित प्रभावित हो रहे हैं और सरकार को इन्हें वापस लेना चाहिए।

कर्मचारी नेताओं को हिरासत में लेने की निंदा

मीटिंग में आम आदमी पार्टी की मोगा रैली से पहले शिक्षक नेता सुखविंदर सिंह सुखी, कर्मचारी नेता करण जैन और अन्य मुलाजिम नेताओं को पंजाब पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा की गई। इस कार्रवाई के खिलाफ मीटिंग में प्रस्ताव भी पारित किया गया।

कोविड के बीच भर्ती कर्मियों के समर्थन में प्रस्ताव

एक अन्य प्रस्ताव के माध्यम से कोविड के बीच भर्ती कर्मियों की मांगों का समर्थन किया गया। नेताओं ने बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज के वाइस चांसलर से मांग की कि इन कर्मियों को आउटसोर्स एजेंसी से बाहर कर सीधे विश्वविद्यालय के अधीन लिया जाए और उनकी सेवाएं जारी रखी जाएं।

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर