पंजाब की सियासत में 'जवानी संभाल साइकिल यात्रा' को लेकर हलचल तेज हो गई है। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की अगुवाई में 8 दिवसीय यात्रा 12 नवंबर से आरंभ होने जा रही है।

चमकौर साहिब से शुरू होकर यह यात्रा राज्य के मालवा के 27 विधानसभा हलकों से गुजरते हुए खन्ना में 19 नवंबर को समाप्त होगी। चन्नी ने जिला प्रधानों, विधायकों, पूर्व विधायकों और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को यात्रा न्यौता भेज दिया है।

पंजाब कांग्रेस के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान और गुटबाजी के बीच चन्नी यात्रा निकालकर हाईकमान के सामने अपनी ताकत का प्रदर्शन करना चाहते हैं, ताकि पार्टी पर सीएम फेस डिक्लियर करने का दबाव बनाया जा सके।

विज्ञापनIn-Article Banner

करीब 625 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में रोजाना औसतन 78 से 80 किलोमीटर का सफर साइकिल से तय किया जाएगा। चन्नी ने साइकिल यात्रा का ऐलान काफी पहले कर दिया था और तब यह केवल उनका कार्यक्रम था, किंतु अब पार्टी इसमें पूरी तरह से जुट गई है।

यात्रा के जरिए कांग्रेस नशा, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार जैसे संवेदनशील मुद्दों पर आम आदमी पार्टी सरकार को घेरेगी।

चरणजीत सिंह चन्नी की साइकिल यात्रा के अन्य सियासी मायने जानिए...

  • नशे व लॉ एंड ऑर्डर का मुद्दा सरगर्म: चरणजीत सिंह चन्नी ने यात्रा का नाम जवानी संभाल रखा है और इसका मुख्य फोकस मालवा की सीटों पर है। परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद मालवा में नशा व लॉ एंड ऑर्डर का मुद्दा सरगर्म है। इस कारण चन्नी ने यात्रा का रूट मालवा की सीटों पर रखा है ताकि इस मुद्दे को अच्छे से भुनाया जा सके और आम आदमी पार्टी सरकार को घेरा जा सके।
  • मालवा से कांग्रेस को उम्मीद: विधानसभा निर्वाचन 2022 में मालवा में आम आदमी पार्टी ने एक तरफ विजय हासिल की। 69 सीटों में से 66 सीटें आप ने जीती और कांग्रेस के हाथ सिर्फ दो सीटें लगी। कांग्रेस को पता है कि अगर मालवा में आप को घेरा गया तो पार्टी को यहां से सीटें मिल सकती हैं। इसीलिए कांग्रेस ने मालवा पर पूरा फोकस कर दिया। राहुल गांधी भी मालवा में ही रैली करके गए और अब चन्नी की यात्रा भी मालवा से ही आरंभ हो रही है।
  • युवाओं से सीधा जुड़ाव: 'जवानी संभाल' नाम से स्पष्ट है कि कांग्रेस का सीधा फोकस पंजाब की युवा पीढ़ी पर है। साइकिल से यात्रा करके चन्नी आम जनता और युवाओं से सीधे संवाद स्थापित करना चाहते हैं।
  • कांग्रेस में अपनी शीर्ष हालत का दावा: पंजाब कांग्रेस में समय-समय पर सामने आने वाली गुटबाजी और नेतृत्व की होड़ के बीच चन्नी इस बड़े अभियान की कमान संभालकर खुद को पार्टी के मुख्य चेहरे और जननेता के रूप में हाईकमान के सामने पेश करना चाहते हैं।
  • विरोधी खेमों को सीधा उत्तर: पार्टी के भीतर उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को यह संदेश देने की कोशिश है कि प्रदेश में उनका जनाधार आज भी कायम है और वे कार्यकर्ताओं को लामबंद करने की क्षमता रखते हैं।
  • मालवा में राजनीतिक वापसी की बड़ी कोशिश: श्री चमकौर साहिब से यात्रा की शुरुआत करके चन्नी अपने पुराने राजनीतिक गढ़ को फिर से मजबूत कर रहे हैं, जिससे पार्टी संगठन पर उनकी पकड़ और मजबूत हो सके।
  • खुद को साबित करने की होड़: 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले चन्नी इस यात्रा की सफलता से पार्टी हाईकमान को यह यकीन दिलाना चाहते हैं कि पंजाब में पार्टी का नेतृत्व करने हेतु वे ही सबसे सक्षम चेहरा हैं।

अधूरा नहीं! पढ़िए पूरा! पढ़ें पूरी खबर दैनिक भास्कर ऐप पर