- Hindi News
- National
- Indian Oil Chairman Statement | Fuel Price Crisis Ends; Vadodara Update
वडोदरा में इंडियन ऑयल की गुजरात रिफाइनरी के डायमंड जुबली कार्यक्रम के घटनास्थल पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में साहनी।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसीएल) के चेयरमैन अरविंदर सिंह साहनी ने शुक्रवार को बताया कि भारत शायद ईंधन दामों के संकट के सबसे मुश्किल दौर से गुजर चुका है। हालांकि, यह राहत तभी बनी रह सकती है, जब दुनिया में चल रहे युद्ध और भू-राजनीतिक तनाव की स्थिति और खराब न हो।
वडोदरा में इंडियन ऑयल की गुजरात रिफाइनरी के डायमंड जुबली कार्यक्रम के मौके पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में साहनी ने कहा कि तेल विपणन कंपनियों ने वित्तीय दबाव के बाद भी आम उपभोक्ताओं और उद्योगों को ईंधन की कीमतों में भारी वृद्धि से बचाने की कोशिश की है।
कर्ज और बकाया भुगतान से तेल कंपनियों पर दबाव
कंपनियों ने हालात संभालने की कोशिश की- साहनी ने स्वीकार किया कि तेल कंपनियों पर कर्ज बढ़ने और भुगतान बकाया होने से उनकी वित्तीय स्थिति पर दबाव पड़ा है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद कंपनियों ने हालात संभालने की कोशिश की है और उम्मीद है कि आने वाले वक्त में स्थिति बेहतर होगी।
रणनीतिक तेल भंडार बढ़ाने पर काम- देश की ऊर्जा सुरक्षा पर साहनी ने कहा कि सरकार और तेल विपणन कंपनियां रणनीतिक तेल भंडार मजबूत करने हेतु अनेक विकल्पों पर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर सरकार और तेल कंपनियां गंभीरता से विचार कर रही हैं। निर्णय अंतिम होने के पश्चात इसकी सूचना सार्वजनिक की जाएगी।
हर वर्ष 30-40 हजार करोड़ रुपये का निवेश जारी रहेगा- भू-राजनीतिक चुनौतियों के बाद भी इंडियन ऑयल हर वर्ष 30 हजार से 40 हजार करोड़ रुपये का पूंजीगत निवेश जारी रखने की योजना बना रही है। फर्म के लगभग एक लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट फिलहाल चल रहे हैं।
2027 के अंत तक शुरू होगा ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट- साहनी ने बताया कि इंडियन ऑयल हरियाणा की पानीपत रिफाइनरी में 10 हजार टन सालाना क्षमता वाला ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट 2027 के अंत तक प्रारंभ करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। कंपनी दूसरी इकाइयों में भी ग्रीन हाइड्रोजन परियोजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्पादन लागत कम होने के साथ ग्रीन हाइड्रोजन का इस्तेमाल बढ़ेगा।
तीन वर्षों में नवीन रिफाइनरी स्थापित करने पर विचार- उन्होंने यह भी अपेक्षा जताई कि अगले तीन वर्षों में भारतीय रिफाइनरी कंपनियां नई रिफाइनरी स्थापित करने की संभावनाओं पर विचार शुरू कर सकती हैं। इसका आधार घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पेट्रोलियम उत्पादों की बनी रहने वाली मांग होगी।







