- Hindi News
- Local
- Punjab
- Bathinda
- On Bhai Dooj, Sisters Apply Tilak On The Forehead Of Their Brothers And Pray For Their Long Life.
भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक भैया दूज का पर्व बुधवार को नगर सहित जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही बहनों के अपने भाइयों के घर पहुंचकर तिलक लगाने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना की।
वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर अपना स्नेह जताया। त्योहार को लेकर बाजारों में भी रौनक रही। सुबह से ही मिठाइयों, गिफ्ट और अन्य सामान की दुकानों पर महिलाओं और युवतियों की भीड़ लगी रही। बहनों ने भाइयों हेतु मिठाइयों के साथ आकर्षक उपहार खरीदे। मंदिरों में भी सुबह से पूजा-अर्चना हेतु श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी रहा। पूरे जिले में पर्व को लेकर उत्साह का माहौल दिखाई दिया।
पंडित राजकुमार पांडे ने जानकारी दी कि पौराणिक मान्यता के मुताबिक भैया दूज के दिन यमराज अपनी बहन यमी के घर पहुंचे थे। यमी ने उनका तिलक कर सलामती की कामना की थी। इस पर यमराज ने उन्हें वरदान दिया कि इस दिन जो भाई अपनी बहन से तिलक करवाएगा, उसकी आयु लंबी होगी। एक अन्य मान्यता के मुताबिक नरकासुर का वध करने के पश्चात भगवान श्रीकृष्ण अपनी बहन सुभद्रा के घर पहुंचे थे।
सुभद्रा ने दीप जलाकर उनका स्वागत किया और तिलक लगाकर उनकी मंगलकामना की थी। तभी से भाई दूज मनाने की परंपरा चली आ रही है। उन्होंने कहा कि इस दिन भाई अपनी बहन के घर जाता है और बहन उसके माते पर तिलक लगाती है। उन्होंने कहा कि इस दिन भाई को बहन के घर जाना चाहिए, बहन को अपने घर नहीं बुलाना चाहिए।







