जालंधर | शहर निगम के कमिश्नर सुरिंदर सिंह ने 13 नवंबर को बर्ल्टन पार्क में चल रहे निर्माण कार्यों का घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इसी बीच उनके साथ एक्सईएन रामपाल तथा संबंधित ठेकेदार के अफसर और कर्मी मौजूद रहे। कमिश्नर ने विकास कार्यों की प्रगति का बारीकी से आकलन करते हुए संबंधित अफसरों को काम में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि निर्माण एवं विकास कार्यों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी और समस्त कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता मानकों के मुताबिक पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने एक्सईएन रामपाल को निर्माण कार्यों की रोजाना प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए, ताकि परियोजना की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जा सके। नगर निगम अफसरों के मुताबिक निर्धारित समय में कार्य पूर्ण कराने हेतु फील्ड स्तर पर समीक्षा की प्रक्रिया जारी रहेगी।