- Hindi News
- Business
- India Wholesale Inflation Data | October WPI Inflation Surge Update
आज यानी 16 नवंबर को अक्टूबर महीने के थोक महंगाई के आंकड़े जारी होंगे। एक्सपर्ट्स के अनुसार अक्टूबर में भारत की थोक महंगाई 12% के करीब रहने का अनुमान है। इससे पहले सितंबर में थोक महंगाई 11.39% रही थी। महंगाई बढ़ने की मुख्य वजह खाने-पीने का सामान और सब्जियों की बढ़ी हुई कीमतें हैं।
थोक महंगाई का आम आदमी पर असर
थोक महंगाई के लंबे वक्त तक बढ़े रहने से ज्यादातर प्रोडक्टिव सेक्टर पर इसका बुरा असर पड़ता है। अगर थोक कीमत बहुत अधिक वक्त तक ऊंचे स्तर पर रहता है तो प्रोड्यूसर इसका बोझ कंज्यूमर्स पर डाल देते हैं।
सरकार सिर्फ टैक्स के जरिए होलसेल प्राइस इंडेक्स (WPI) को कंट्रोल कर सकती है, जैसे कच्चे तेल में तेज बढ़ोतरी की स्थिति में सरकार ने ईंधन पर एक्साइज ड्यूटी कटौती की थी। हालांकि, सरकार टैक्स कटौती एक सीमा में ही कम कर सकती है। WPI में अधिक वेटेज मेटल, केमिकल, प्लास्टिक, रबर जैसे फैक्ट्री से जुड़े सामानों का होता है।
अक्टूबर में रिटेल महंगाई 6.09% रही
अक्टूबर में देश की रिटेल महंगाई दर बढ़कर 6.09% पर पहुंच गई है। सितंबर में यह 5.54% थी। यानी, एक महीने में महंगाई दर में 0.55% की वृद्धि हुई।
अक्टूबर में रिटेल महंगाई दर RBI की तय 6% की ऊपरी सीमा भी पार कर गई है। RBI ने राष्ट्र में महंगाई दर की सीमा 4% से 6% तय की थी।
दो प्रकार की होती है महंगाई
भारत में दो प्रकार की महंगाई होती है। एक रिटेल यानी खुदरा और दूसरी थोक महंगाई होती है। रिटेल महंगाई दर आम ग्राहकों की तरफ से दी जाने वाली कीमतों पर आधारित होती है। इसको कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) भी कहते हैं। वहीं, होलसेल प्राइस इंडेक्स (WPI) का अर्थ उन कीमतों से होता है, जो थोक बाजार में एक कारोबारी दूसरे कारोबारी से वसूलता है।







