पंजाब सरकार की नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम 'युद्ध नशेयां विरुद्ध' के तहत लुधियाना पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक अभियुक्त सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय है और उसके इंस्टाग्राम पर लगभग 2 लाख फॉलोअर्स हैं।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से 160 ग्राम आइस (मेथामफेटामाइन), तीन अवैध पिस्तौल, 12 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस को शक है कि अभियुक्त टिब्बा रोड स्थित सत्संग घर के आसपास समेत कमिश्नरेट के नशे के हॉटस्पॉट इलाकों में नशा तस्करी से जुड़े हुए थे। अभियुक्त बार्डर एरिया से ड्रग्स लाता है।

सूचना देते हुए डीसीपी हरपाल सिंह ने बताया कि इंस्पेक्टर नवदीप सिंह की अगुवाई वाली टीम ने यह कार्रवाई की है।

विज्ञापनIn-Article Banner

बाहरी जिलों से लाते थे नशा और हथियार

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी लुधियाना जिले से बाहर के इलाकों से नशीले पदार्थ और अवैध हथियार खरीदकर वापस जिले में आते थे। पुलिस से बचने हेतु वे नगर के बाहरी इलाकों में ठहरते थे।

जांच में टिब्बा रोड स्थित सत्संग घर के आसपास के क्षेत्र में उनकी संभावित गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है।

दोनों आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टोनी चौहान निवासी मकान नंबर 14879, गली नंबर-3, रविदास मंदिर के पास, संतपुरा शहर, बाना टिब्बा और बलराम कुमार उर्फ वीरू निवासी मकान नंबर 407, गांधी कॉलोनी, ताजपुर रोड, लुधियाना के रूप में हुई है।

वीरू पर हत्या और नशा तस्करी का केस

पुलिस के मुताबिक टोनी चौहान के खिलाफ पहले थाना डिवीजन नंबर-4 में 19 जून 2024 को आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज हुई थी। वहीं बलराम कुमार उर्फ वीरू के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर-2 में 15 जुलाई 2022 को हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज है। इसके साथ ही उसके खिलाफ थाना डिवीजन नंबर-7 में 18 अगस्त 2025 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21-बी के तहत भी केस दर्ज हुआ था।

इंस्टाग्राम पर 2 लाख फॉलोअर्स, पुलिस ने युवाओं को दी नसीहत

डीसीपी हरपाल सिंह ने बताया कि अभियुक्त टोनी चौहान के इंस्टाग्राम पर करीब 2 लाख फॉलोअर्स हैं। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि किसी व्यक्ति को केवल सोशल मीडिया पर लोकप्रियता या फॉलोअर्स की संख्या के आधार पर अपना रोल मॉडल न बनाएं। आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्ति की ऑनलाइन लोकप्रियता को उसकी अच्छी छवि या अनुकरणीय व्यक्तित्व नहीं समझना चाहिए।

सप्लायरों और नेटवर्क की छानबीन प्रारंभ

डीसीपी हरपाल सिंह ने कहा कि पुलिस अब आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। उनके नशे के सप्लायरों, संभावित ग्राहकों और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। इसके साथ ही आरोपियों के बैंक लेनदेन और संपत्तियों की भी छानबीन होगी, ताकि नशे के कारोबार से अर्जित रकम और इससे जुड़े अन्य आर्थिक लाभार्थियों का पता लगाया जा सके।

खबर अभी बाकी है!

  • पसंद की खबरें
  • खबर सबसे तेज
  • लाइव अपडेट

खबर अभी बाकी है!

  • मनचाहे अलर्ट
  • खबर सबसे तेज
  • लाइव अपडेट