- Hindi News
- Entertainment
- Bollywood
- Anirudh Ravichander & Kavya Maran Greece Wedding | Self Respect Marriage Trend
म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की को-ओनर काव्या मारन ने 11 नवंबर को ग्रीस में शादी की। दोनों ने पारंपरिक हिंदू विवाह की जगह 'सेल्फ रिस्पेक्ट मैरिज' चुनी। इस शादी में न पंडित थे, न मंत्रोच्चार और न ही सात फेरे। दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे को माला और चेन पहनाकर शादी की।
इससे पहले सामंथा रुथ प्रभु ने भूत शुद्धि विवाह किया था, जबकि दीया मिर्जा और आमिर खान की बेटी ने ईरा खान की शादी भी रिवाजों से अलग कुछ करने पर चर्चा में रही।
चलिए जानते हैं, ऐसे ही सेलेब्स की शादियों में बनाए गए नए ट्रेंड की कहानी-
अनिरुद्ध-काव्या ने सेल्फ रिस्पेक्ट मैरिज की, जानिए ये क्या है?
सेल्फ रिस्पेक्ट मैरिज को तमिल भाषा में 'सुयमरियाथाई थिरुमनम' बताया जाता है। इसकी शुरुआत तमिलनाडु में समाज सुधारक ईवी रामासामी पेरियार ने 1925 में सेल्फ रिस्पेक्ट मूवमेंट के जरिए की थी। इस आंदोलन का मकसद जातिगत भेदभाव, सामाजिक असमानता और महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव को चुनौती देना था।
इस विवाह पद्धति में शादी को धार्मिक कर्मकांडों के बजाय दो लोगों की आपसी सहमति और बराबरी का रिश्ता माना जाता है। इसमें दूल्हा-दुल्हन खुद एक-दूसरे को पति-पत्नी स्वीकार करते हैं। वे एक-दूसरे को माला पहना सकते हैं, अंगूठियां बदल सकते हैं या मंगलसूत्र बांध सकते हैं।
क्या हैं इसके कानूनी नियम?
भारत में इस विवाह पद्धति को तमिलनाडु में 1967 में कानूनी मान्यता मिली थी। इसके लिए हिंदू मैरिज एक्ट, 1955 में धारा 7-A जोड़ी गई थी। सुप्रीम अदालत ने भी इस विवाह पद्धति की वैधता को बरकरार रखा है। हालांकि, धारा 7-A पूरे भारत में लागू नहीं है। यह तमिलनाडु का विशेष प्रावधान है और पुडुचेरी में भी इसी प्रकार का प्रावधान है। इसके मुताबिक-
- यह प्रावधान दो हिंदुओं के बीच होने वाली शादी पर लागू होता है।
- शादी के समय रिश्तेदारों, दोस्तों या अन्य लोगों की मौजूदगी होनी चाहिए।
- दूल्हा-दुल्हन एक-दूसरे को पति-पत्नी स्वीकार करने की घोषणा करते हैं।
- वे एक-दूसरे को माला या अंगूठी पहना सकते हैं।
- मंगलसूत्र या थाली बांधकर भी विवाह संपन्न किया जा सकता है।
- इसमें पंडित, मंत्रोच्चार, अग्नि के सामने सात फेरे या सप्तपदी अनिवार्य नहीं है।
अनिरुद्ध और काव्या ने 11 नवंबर को ग्रीस में शादी की। शादी की तस्वीरों में दोनों एक-दूसरे को माला और चेन पहनाते नजर आए। इस शादी में सुपरस्टार रजनीकांत ने काव्या को चेन दी, जबकि तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने अनिरुद्ध को चेन सौंपी। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को चेन पहनाई। शादी में रजनीकांत, एमके स्टालिन और उदयनिधि स्टालिन समेत कई मेहमान शामिल हुए।
इन सेलेब्स ने भी की अलग रिवाजों से शादियां-
सामंथा रुथप्रभू और राज निदिमोरू ने किया भूत शुद्धि विवाह
सामंथा रुथ प्रभु और फिल्ममेकर राज निदिमोरू ने 1 दिसंबर 2025 को कोयंबटूर स्थित ईशा योग सेंटर के लिंग भैरवी मंदिर में भूत शुद्धि विवाह किया था। इस शादी में करीब 30 करीबी रिश्तेदार और दोस्त शामिल हुए थे।
भूत शुद्धि विवाह योगिक परंपरा पर आधारित है। इसमें इंसान के शरीर और अस्तित्व से जुड़े पांच तत्वों- पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश के शुद्धिकरण और संतुलन पर जोर दिया जाता है। इस रस्म में देवी का पेंडेंट भी शामिल होता है।
इस पद्धति में शादी को सिर्फ सामाजिक या पारिवारिक आयोजन नहीं, बल्कि आध्यात्मिक जुड़ाव के रूप में देखा जाता है।
एक्ट्रेस जिया मानेक ने भी किया था भूत शुद्धि विवाह
'साथ निभाना साथिया' फेम एक्ट्रेस जिया मानेक ने भी अभिनेता वरुण जैन के साथ भूत शुद्धि विवाह किया था। दोनों ने अगस्त 2025 में शादी की थी।
दीया मिर्जा ने महिला पुजारी से कराई शादी, कन्यादान और विदाई भी नहीं हुई
दीया मिर्जा ने 15 फरवरी 2021 को बिजनेसमैन वैभव रेखी से शादी की थी। उनकी शादी की खास बात यह थी कि वैदिक रस्में किसी पुरुष पंडित ने नहीं, बल्कि महिला पुजारी शीला अट्टा ने संपन्न कराई थीं।
दीया ने शादी में कन्यादान और विदाई की रस्में भी नहीं की थीं। उनका मानना था कि बेटी कोई वस्तु नहीं है, जिसे दान किया जाए। शादी में प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं किया गया था और सजावट हेतु प्राकृतिक और बायोडिग्रेडेबल चीजों का इस्तेमाल किया गया था।
दीया ने बाद में कहा था कि उनके लिए महिला पुजारी से शादी की रस्में कराना बेहद खास अनुभव था। इस प्रकार उन्होंने पारंपरिक विवाह के भीतर ही कुछ पुरानी रस्मों को बदलने का निर्णय किया।
ईरा खान के दूल्हे ने घोड़ी पर नहीं, दौड़कर निकाली बारात
आम तौर पर भारतीय शादियों में दूल्हा घोड़ी पर बैठकर बारात लेकर पहुंचता है, किंतु आमिर खान की बेटी ईरा खान के पति नूपुर शिखरे ने इस परंपरा को अपने अंदाज में बदल दिया।
जनवरी 2024 में ईरा और नूपुर की शादी के दौरान नूपुर जिम वेस्ट, शॉर्ट्स और स्पोर्ट्स शूज पहनकर करीब 8 किलोमीटर दौड़ते हुए वेडिंग वेन्यू पहुंचे थे।
नूपुर पेशे से फिटनेस ट्रेनर हैं। उन्होंने अपनी फिटनेस और पसंद को शादी की बारात का हिस्सा बनाया। उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। वह पसीने में भीगे हुए वेन्यू पहुंचे और उसी लिबास में मंच पर बैठे।
आलिया-रणबीर ने घर की बालकनी में की शादी
बॉलीवुड में बड़ी और भव्य शादियों के बीच आलिया भट्ट और रणबीर कपूर ने अप्रैल 2022 में अपने मुंबई स्थित घर की बालकनी में शादी की थी। इस कार्यक्रम में केवल परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए थे।
आलिया ने शादी में लाल लहंगे के बजाय हाथ से तैयार की गई आइवरी ऑर्गेंजा साड़ी पहनी थी। उनकी शादी ने इंटीमेट वेडिंग अर्थात घर या निजी जगह पर कम मेहमानों के बीच शादी करने के चलन को भी चर्चा में ला दिया।
यामी गौतम ने घर पर की पारंपरिक पहाड़ी शादी
जून 2021 में दोनों ने हिमाचल राज्य में यामी के घर पर बेहद निजी समारोह में शादी की। यामी ने अपनी मां की साड़ी पहनी और पारंपरिक पहाड़ी नथ के साथ दुल्हन बनीं। इस शादी ने महंगे डेस्टिनेशन वेन्यू के बजाय घर पर पारंपरिक और निजी समारोह करने का उदाहरण पेश किया।







