- Hindi News
- Local
- Punjab
- Pathankot
- Pathankot Fraud Case | Investment Scam Accused Ravi Gupta Flees Canada
पठानकोट में निवेश और भारी वित्तीय मुनाफे का लालच देकर ठग ने एक व्यक्ति से 13.93 लाख रुपए ठग लिए और खुद कनाडा फरार हो गया। आरोपी ने कनाडा जाने से पहले अपनी सारी चल-अचल संपति बेची। ताकि, भविष्य में उसे कोई मुश्किल ना आए।
ठगी के शिकार हुए व्यक्ति ने प्रकरण की जानकारी पुलिस को दी तो थाना एक की पुलिस ने ठग के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी है। पीड़ित व्यक्ति की पहचान सुंदर नगर के रहने वाले अशोक कुमार के तौर पर हुई है। जबकि, अभियुक्त की पहचान आधुनिक बिहार कॉलोनी निवासी अभियुक्त रवि गुप्ता के रूप में हुई।
मीठी बातों में फंसाकर दिया धोखा
अशोक कुमार निवासी सुंदर नगर ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में आरोप लगाया कि आधुनिक बिहार कॉलोनी निवासी आरोपी रवि गुप्ता ने उन्हें अपनी मीठी बातों में फंसाकर झांसा दिया था। अभियुक्त ने पीड़ित से वादा किया था कि वह उनके पैसों को किसी अच्छी और सुरक्षित जगह निवेश करवाकर मोटा वित्तीय लाभ दिलवाएगा।
59 चेकों के जरिए ऐंठे ₹13,93,643
अशोक कुमार की शिकायत के मुताबिक, 21 जनवरी 2023 से 3 अक्टूबर 2024 के बीच अभियुक्त रवि गुप्ता ने पीड़ित के दो अलग-अलग बैंक खातों से कुल 59 चेक हासिल कर लिए। अभियुक्त ने अपने सहयोगियों के जरिए खोले गए बैंक खातों में ये चेक जमा करवाए और कुल 13,93,643 रुपये की राशि भुनाकर ऐंठ ली।
न मुनाफा दिया, न पैसे लौटाए, कनाडा फरार हुआ आरोपी
पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर के अनुसार अशोक कुमार से पैसे हासिल करने के पश्चात अभियुक्त ने न तो उसे कोई वित्तीय मुनाफा दिया और न ही उनके मूल पैसे वापस किए। पीड़ित ने जब अपने पैसे वापस मांगे, तो अभियुक्त टालमटोल करने लगा। बाद में चालाकी दिखाते हुए आरोपी अपनी चल-अचल संपत्ति बेचकर रातों-रात कनाडा भाग निकला।
एसपी की छानबीन और एसएसपी की मंजूरी के बाद केस दर्ज
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसपी (पीबीआई) पठानकोट द्वारा गहन पड़ताल की गई। कानूनी राय हासिल करने के पश्चात एसएसपी पठानकोट की मंजूरी मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 1 में अभियुक्त रवि गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की आगे की जांच सब-इंस्पेक्टर कंवल सिंह को सौंपी गई है।







