बरनाला में 7 हजार रुपये रिश्वत लेते एएसआई गिरफ्तार: पत्नी से विवाद में पति से मांगी थी 10 हजार रुपए घूस, तीन हजार पहले ले चुका था – Barnala News
पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम के तहत संगरूर में बड़ी कार्रवाई की है। ब्यूरो की टीम ने पुलिस लाइंस स्थित महिला थाना में तैनात एएसआई (लोकल रैंक) कमलजीत सिंह को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोचा है। आरोपी एएसआई के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के पटियाला थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई भवानीगढ़ के रहने वाले एक व्यक्ति की शिकायत पर की गई है। शिकायतकर्ता का अपनी पत्नी के साथ घरेलू विवाद चल रहा था, जिसकी शिकायत महिला थाना संगरूर में दर्ज थी। इस मामले की जांच एएसआई कमलजीत सिंह कर रहा था। आरोप है कि एएसआई ने केस का चालान अदालत में पेश करने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। ऐसे फंसा एसआई शिकायतकर्ता आरोपी एएसआई को 3 हजार रुपये पहले ही दे चुका था। बाकी बचे 7 हजार रुपये देने के लिए एएसआई लगातार दबाव बना रहा था। रिश्वत की मांग से परेशान होकर पीड़ित ने विजिलेंस ब्यूरो से संपर्क किया और पूरी बात बताई। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस की टीम ने दावों की पुष्टि की और तुरंत जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने एएसआई कमलजीत सिंह को केमिकल लगे 7 हजार रुपये थमाए, वैसे ही दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी के हाथ धुलवाने पर रंग गुलाबी हो गया। विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और मामले की गहनता से जांच जारी है।
Source link

