मोहाली हाइवे पर 120 की रफ्तार में हादसा, एक गंभीर: बाइक बचाने में डिवाइडर पार पलटी, चारों टायर फटे, बैरिकेडिंग न होती तो होता बड़ा हादसा – Kharar News
लुधियाना-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा होने से टल गया। भगोमाजरा के पास करीब 120 किमी/घंटे की रफ्तार से जा रही एक तेज रफ्तार हुंडई एक्सेंट कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघते हुए हाईवे की दूसरी लेन में जा पलटी। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई बड़ा जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कार के परखच्चे उड़ गए। यह दुर्घटना दोपहर करीब 3:00 बजे हुई। कार में सवार चार युवक चंडीगढ़ की तरफ जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार की रफ्तार बेहद तेज थी। इसी दौरान आगे चल रहे एक मोटरसाइकिल चालक ने अचानक अपनी दिशा बदल ली। उसे बचाने के चक्कर में कार चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर से जा टकराई। हादसे का खौफनाक मंजर-125 मीटर दूर जाकर रुकी कार, चारों टायर फटे डिवाइडर पार करने के बाद कार दूसरी लेन में कई बार पलटी खाते हुए करीब 125 मीटर दूर जाकर रुकी हादसे के प्रभाव से कार के चारों टायर फट गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार जुगराज सिंह नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चालक को मामूली चोटें आईं। पीछे बैठे दोनों अन्य युवक सुरक्षित बच गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस को फोन कर घायल जुगराज सिंह को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद काफी समय तक हाईवे पर लोगों की भीड़ जुटी रही और हर कोई कार की हालत देखकर दंग था। बाल-बाल बचे सड़क पर काम कर रहे मजदूर चश्मदीदों के मुताबिक, यह हादसा किसी खतरनाक फिल्मी स्टंट जैसा था। सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि जिस जगह कार पलटकर दूसरी तरफ गिरी, वहां हाईवे की मरम्मत का काम चल रहा था। सड़क पर कई मजदूर काम कर रहे थे, जो पलटती हुई कार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। बैरिकेडिंग की वजह से टली बड़ी टक्कर सड़क पर चल रहे काम की वजह से दूसरी ओर पहले से बैरिकेडिंग की गई थी, जिसके कारण सामने से आने वाला ट्रैफिक काफी धीमी गति से चल रहा था। इसी वजह से कार की दूसरी तरफ से आ रहे किसी वाहन के साथ सीधी टक्कर नहीं हुई। वरना यह हादसा बेहद जानलेवा हो सकता था।
Source link

