पठानकोट में नाबालिग से दुष्कर्म कर बनाई वीडियो: सरपंच के बेटे पर आरोप, छत के रास्ते घर में घुसा; परिवार को मारने की धमकियां दीं – Pathankot News

पठानकोट में नाबालिग से दुष्कर्म कर बनाई वीडियो:  सरपंच के बेटे पर आरोप, छत के रास्ते घर में घुसा; परिवार को मारने की धमकियां दीं – Pathankot News




पठानकोट के सदर थाना क्षेत्र के अधीन आते गांव में नाबालिग लड़की के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने और उसकी वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के सरपंच के बेटे ने घर में नाबालिग को अकेली पाकर वारदात को अंजाम दिया। फिर परिवार को जान से मारने की धमकी देकर वीडियो बनाया कि लड़की अपनी मर्जी से संबंध बनाना चाहती है। घटना के 9 दिन बाद लड़की ने हिम्मत जुटाकर परिवार को सारी बात बताई। अब सदर पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान अंकुश के तौर पर हुई है।
पहले भतीजी के मोबाइल पर भेजा मैसेज
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता की मां ने बताया कि करीब 3 महीने पहले आरोपी अंकुश ने उनकी भतीजी के मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजा था। मैसेज में आरोपी ने शिकायतकर्ता की सबसे छोटी नाबालिग बेटी के साथ दोस्ती करवाने की बात कही थी। जब यह मामला परिवार के ध्यान में आया, तो उन्होंने आरोपी अंकुश के माता-पिता को इस बारे में सूचित किया। उस समय आरोपी के माता-पिता ने भरोसा दिलाया था कि उनका बेटा भविष्य में दोबारा ऐसा नहीं करेगा।
घर में अकेली पाकर किया दुष्कर्म, बनाई वीडियो
शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना 4 जुलाई की है। उस दिन वह और उनके पति किसी निजी काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे और उनकी नाबालिग बेटी घर पर अकेली थी। जब वे कुछ समय बाद घर लौटे, तो उन्होंने देखा कि उनकी बेटी बेहद घबराई और डरी हुई थी। पूछताछ करने पर नाबालिग बेटी ने रोते हुए अपनी मां को आपबीती सुनाई।
मां के अनुसार, लड़की ने बताया कि आरोपी अंकुश छत के रास्ते से जबरन उनके घर में दाखिल हुआ। घर में उसे अकेला पाकर आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की और उसकी मर्जी के खिलाफ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी ने वारदात के दौरान नाबालिग की एक वीडियो भी रिकॉर्ड कर ली।
वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी
पीड़िता ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अंकुश ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। आरोपी ने कहा कि अगर उसने इस बारे में किसी को भी बताया, तो वह उसे और उसके परिवार को जान से मार देगा। साथ ही उसने धमकी दी कि वह इस वीडियो को सार्वजनिक कर यह साबित कर देगा कि लड़की ने अपनी मर्जी से शारीरिक संबंध बनाए हैं। इस डर और बदनामी के खौफ के कारण लड़की ने कई दिनों तक यह बात अपने माता-पिता से छुपाए रखी।
पुलिसिया कार्रवाई और मामला दर्ज
आखिरकार, हिम्मत जुटाकर पीड़िता और उसके माता-पिता ने पुलिस प्रशासन का रुख किया। सदर थाना पठानकोट की इंस्पेक्टर रजनी बाला ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और पीड़िता के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी अंकुश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 351 (2), आईपीसी की धारा 376, 506 और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *