बरनाला पुलिस ने 4 चोरी की बाइकें बरामद कीं: बीहला गांव के दो शातिर चोर गिरफ्तार, आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड – Barnala News
बरनाला पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जशनदीप सिंह और प्रभजोत सिंह के रूप में हुई है, जो गांव बीहला के रहने वाले हैं। थाना सिटी-2 के मुख्य अधिकारी इंस्पेक्टर चरणजीत सिंह ने बताया कि एएसआई बलदेव राव के नेतृत्व में पुलिस टीम को इस गिरोह के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर जाल बिछाया और इन दोनों आरोपियों को दबोच लिया। ऐसे हुआ चोरी की बाइकों का खुलासा: घेराबंदी के दौरान जब पुलिस ने दोनों आरोपियों को रोका, तो वे बाइक के कागजात नहीं दिखा सके। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने माना कि मोटरसाइकिल चोरी की है। इसके बाद आरोपियों ने शहर में की गई कई अन्य चोरियों की वारदातें भी कबूल कीं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने बरनाला के विभिन्न इलाकों से दो और मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इसके बाद अगले दिन बरनाला ड्रेन (नहर) के पास से एक और बाइक बरामद की गई। कुल 4 बाइकों में से तीन बरनाला शहर से और एक पखो कैंचियां क्षेत्र से चुराई गई थी। पुराने अपराधी हैं दोनों आरोपी, अब रिमांड की तैयारी पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पकड़े गए दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास है और उन पर पहले भी दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी में है, ताकि गिरोह के अन्य साथियों और चोरी किए गए बाकी वाहनों का पता लगाया जा सके।
Source link

