40 लाख में मां से मिलने अमेरिका गई, मिली जेल: मोहाली की महिला से एजेंटों ने किया धोखा, कानूनी रास्ते से भेजने को लिए पैसे; डंकी रूट से भेजा – Kharar News
भाई की मौत के बाद अकेली पड़ी मां की देखभाल के लिए अमेरिका जाने के प्रयास में लगी मोहाली की महिला एजेंटों के धोखे शिकार हो गई। 40 लाख रुपए देने के बाद उसे एक साल जेल काटनी पड़ी फिर उसे डिपोर्ट कर दिया गया। उन्होंने पुलिस में शिकायत की है। पुलिस एजेटों की गिरफ्तारी मे लगी है। मोहाली के एक ट्रैवल एजेंट द्वारा कानूनी तरीके से अमेरिका भेजने का झांसा देकर 40 लाख रुपये की मोटी रकम लिया। लेकिन एजेंट ने महिला को कानूनी वीजा दिलवाने के बजाय ‘डंकी रूट’ (अवैध सीमा पार मार्ग) के जरिए अमेरिका की सीमा में धकेल दिया। यहां उसे अमेरिकी सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार कर लिया। करीब एक साल तक अमेरिकी हिरासत केंद्र (जेल) में प्रताड़ना झेलने के बाद अब महिला को भारत डिपोर्ट (वापस भेजना) कर दिया गया है। मां के पास जाने की मजबूरी का आरोपी ने उठाया फायदा पीड़िता मनदीप कौर ने मोहाली पुलिस को दी अपनी लिखित शिकायत में बताया कि उनकी मां साल 2017 से अमेरिका में रह रही हैं। वर्ष 2021 में मनदीप के भाई की अचानक मौत हो गई, जिसके बाद से उनकी मां की तबीयत लगातार खराब रहने लगी। मां की देखभाल और उनके पास जाने के लिए मनदीप भी किसी भी तरह अमेरिका जाना चाहती थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात खरड़ के इको टावर (सन्नी एन्क्लेव) निवासी प्रदीप कुमार से हुई। प्रदीप ने खुद को एक बड़ा इमिग्रेशन (विदेश भेजने वाला) कंसलटेंट बताया और मनदीप को पूरी तरह कानूनी और सुरक्षित तरीके से अमेरिका भेजने का पक्का भरोसा दिया। 35 लाख से शुरू हुई बात 45 लाख पर तय हुई, 40 लाख एडवांस दिए पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी प्रदीप कुमार ने शुरुआत में इस काम के लिए 35 लाख रुपये का कुल खर्च बताया था। लेकिन बाद में उसने वीजा प्रक्रियाओं और कागजी दिक्कतों का बहाना बनाकर इस रकम को बढ़ाकर 45 लाख रुपये कर दिया। दोनों के बीच सौदा तय होने के बाद नवंबर 2024 में मनदीप कौर ने आरोपी प्रदीप को 40 लाख रुपये नकद (कैश) एडवांस के तौर पर दे दिए। तय हुआ था कि बाकी बचे 5 लाख रुपये अमेरिका पहुंचने के बाद दिए जाएंगे। दिल्ली से स्पेन, मेक्सिको और फिर जंगलों के रास्ते अवैध एंट्री पैसे ऐंठने के बाद आरोपी एजेंट ने मनदीप को दिल्ली से फ्लाइट के जरिए पहले स्पेन और फिर वहां से मेक्सिको भेज दिया। मेक्सिको पहुंचने पर जब मनदीप को अजीब रास्तों और हालात को देखकर संदेह हुआ कि उसे अवैध तरीके से भेजा जा रहा है, तो उसने एजेंट से बात की। लेकिन शातिर आरोपी ने उसे मीठी बातों में फंसाया और सब कुछ ठीक होने का भरोसा देकर यात्रा जारी रखने को कहा। अमेरिका के बॉर्डर पर ही हो गई गिरफ्तारी आखिरकार, मनदीप कौर को मेक्सिको-अमेरिका सीमा पर तस्करों के जरिए जंगलों और खतरनाक रास्तों से पैदल ही अमेरिका की सीमा में दाखिल करा दिया गया। वहां कदम रखते ही मुस्तैद अमेरिकी बॉर्डर पेट्रोल (US Border Patrol) ने उसे अवैध रूप से सीमा पार करने के आरोप में तुरंत गिरफ्तार कर लिया। लगभग एक साल तक अमेरिकी हिरासत में मानसिक व शारीरिक परेशानी झेलने के बाद अमेरिकी अधिकारियों ने उसे डिपोर्ट कर भारत वापस भेज दिया। एसएसपी (SSP) के आदेश पर आरोपी एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज भारत लौटने के बाद पीड़िता ने न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया। जांच के बाद एसएसपी मोहाली द्वारा 22 जून 2026 को सख्त कानूनी कार्रवाई के आदेश जारी किए गए। एसएसपी के निर्देशों के बाद मोहाली पुलिस ने आरोपी एजेंट प्रदीप कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी (IPC 420) और पंजाब ट्रैवल प्रोफेशनल रेगुलेशन एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत FIR)दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस ‘डंकी रैकेट’ में और कौन-कौन से एजेंट शामिल हैं।
Source link

