चंडीगढ़ में कारोबारी का डेढ़ लाख का बैग चोरी: CCTV में वारदात कैद, 3 युवक दुकान में घुसे, पैसों वाला बैग उठाकर फरार – Chandigarh News

चंडीगढ़ में कारोबारी का डेढ़ लाख का बैग चोरी:  CCTV में वारदात कैद, 3 युवक दुकान में घुसे, पैसों वाला बैग उठाकर फरार – Chandigarh News




चंडीगढ़ सेक्टर-26 स्थित ग्रीन मार्केट में फल कारोबारी का नकदी से भरा बैग चोरी होने का मामला सामने आया है। बैग में करीब डेढ़ लाख रुपये नकदी और कुछ जरूरी दस्तावेज थे। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता दशरथ कुमार ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से सेक्टर-26 ग्रीन मार्केट में दुकान नंबर-4 पर फल का थोक कारोबार करते हैं। बुधवार सुबह करीब 8 बजे वह दुकान पर मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने अपना नकदी वाला बैग गले से उतारकर काउंटर पर रख दिया और पानी पीने के लिए दुकान के अंदर चले गए। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटे तो काउंटर पर रखा बैग गायब था। उन्होंने तुरंत दुकान और आसपास बैग की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पड़ोस की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। CCTV में दिखे 3 संदिग्ध युवक दशरथ कुमार के अनुसार चोरी हुए बैग में करीब डेढ़ लाख रुपये नकद रखे हुए थे। इसके अलावा कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि यह रकम कारोबार से संबंधित थी। सीसीटीवी फुटेज में तीन युवक दुकान के आसपास काफी देर तक घूमते और नजर रखते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के अनुसार एक युवक ने काले रंग की शर्ट पहन रखी थी, जबकि दो युवक सफेद रंग की कमीज में दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक युवक के हाथ में सफेद रंग का कागज था। फुटेज में देखा गया कि सफेद कमीज पहने युवक ने काउंटर के पास पहुंचकर बैग उठाया और उसे अपने हाथ में मौजूद सफेद कागज के नीचे छिपा लिया। इसके बाद वह तुरंत दुकान से बाहर निकल गया। कुछ ही सेकंड बाद उसके दोनों साथी भी वहां से चले गए। दशरथ कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में तीनों युवकों पर शक जताया है। उनका कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ऐसा प्रतीत होता है कि तीनों युवक पहले से ही दुकान की रेकी कर रहे थे और मौका मिलते ही बैग लेकर फरार हो गए। CCTV फुटेज के आधार पर तलाश मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है। पुलिस उस समय की फुटेज के साथ-साथ घटना से पहले और बाद की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है ताकि संदिग्ध युवकों की पहचान की जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *