शेयर मार्केट में डूबे पैसे,भरपाई के बन गया चोर: ग्राहक बनकर पलक झपकते ही उड़ाया था सोने का सेट, दिल्ली से हुआ गिरफ्तार – Ludhiana News
लुधियाना पुलिस ने शहर में चोरी की वारदातों पर नकेल कसते हुए एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है, जिसने शेयर मार्केट के घाटे को पूरा करने के लिए जुर्म का रास्ता चुना था। कुछ दिन पहले थाना डिवीजन नंबर 1 के इलाके में हुई इस वारदात को पुलिस ने तकनीकी और खुफिया सुरागों की मदद से सुलझा लिया है। ACP (सेंट्रल) अनिल कुमार भनोट ने इस पूरे मामले की विस्तृत जानकारी प्रेस के साथ साझा की है। शेयर मार्केट में हुआ था भारी नुकसान: पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने एक बड़ा खुलासा किया है। महज 22 साल का यह आरोपी पेशेवर रूप से शेयर मार्केट में ट्रेडिंग का काम करता था। पिछले कुछ समय से उसे ट्रेडिंग में भारी नुकसान उठाना पड़ा और उसके काफी पैसे मार्केट में डूब गए थे। इसी घाटे और कर्ज को पूरा करने के लिए उसने शार्टकट अपनाया और लुधियाना आकर चोरी की इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया। कैसे दिया वारदात को अंजाम? यह घटना 9 जून 2026 की सुबह करीब 11:35 बजे की है। सलेम टाबरी के रहने वाले आत्म प्रकाश की थाना डिवीजन नंबर 1 के अंतर्गत एक दुकान है। आरोपी एक आम ग्राहक बनकर उनकी दुकान पर आया और सोने का सेट दिखाने को कहा। जब दुकानदार ने उसे लॉकर से निकालकर एक सोने का हार और झुमके (कांटे) दिखाए, तो वह बड़े ध्यान से उसे देखता रहा। जैसे ही दुकानदार का ध्यान दूसरी तरफ भटका, उसने बड़ी चालाकी से सोने का पूरा सेट उठाया और वहां से रफूचक्कर हो गया। इसके बाद पुलिस ने मुक़दमा नं. 90 दर्ज कर तुरंत जांच शुरू कर दी थी। पुलिस का एक्शन और दिल्ली से गिरफ्तारी मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर परमवीर सिंह (मुख्य अफसर, थाना डिवीजन नंबर 1) की निगरानी में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी तरीकों से आरोपी का सुराग लगाया। मुखबिरों की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने 25 जून 2026 को आरोपी को दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन वेस्ट इलाके (सलमान रेजिडेंसी के पास) से धर दबोचा। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया और बताया कि उसने चोरी किया हुआ सोना उत्तर प्रदेश के मेरठ में बेच दिया है। मेरठ में छापेमारी और 100% रिकवरी पुलिस ने कोर्ट से आरोपी का 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया और बिना समय गंवाए मेरठ (उत्तर प्रदेश) में छापेमारी की। 27 जून 2026 को पुलिस ने चोरी किया गया सारा सोना (27.97 ग्राम) सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपी से लगातार आगे की पूछताछ कर रही है, जिससे इस बात का पता लगाया जा सके कि क्या उसने शेयर मार्केट के घाटे को पूरा करने के लिए किसी अन्य जगह भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है।
Source link

