बीएमएस फैशन पर फायरिंग: मेहतपुर में वारदात की फिराक में था आरोपी, 4 मामलों में चल रहा है भगौड़ा – Jalandhar News

बीएमएस फैशन पर फायरिंग:  मेहतपुर में वारदात की फिराक में था आरोपी, 4 मामलों में चल रहा है भगौड़ा – Jalandhar News




भास्कर न्यूज | जालंधर चावला मोबाइल और बीएमएस फैशन पर फायरिंग की वारदात के बाद चर्चा में आए गैंगस्टर डॉनी बल्ल के शूटर सुखजिंदर सिंह उर्फ बिट्टू (निवासी गांव कमोके, ब्यास) को जालंधर देहात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सीआईए स्टाफ (देहात) ने आरोपी के कब्जे से 30 बोर की पिस्टल, तीन मैगजीन, 30 बोर के नौ जिंदा कारतूस और एक 12 बोर पंप एक्शन गन बरामद की है। पुलिस के अनुसार बिट्टू के खिलाफ करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से चार मामलों में वह लंबे समय से भगोड़ा चल रहा था। जिस स्विफ्ट कार में उसे पकड़ा गया, वह अजनाला के एक डॉक्टर की बताई जा रही है। जांच में सामने आया है कि डॉक्टर के एक रिश्तेदार, जो डॉनी बल्ल का करीबी है, ने ही कार और हथियार उपलब्ध कराए थे। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है, ताकि हथियार सप्लाई करने वाले पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। इस संबंध में थाना मेहतपुर में मामला दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया है कि गैंगस्टर डॉनी बल्ल का गैंग शहर के मोबाइल कारोबारियों को लगातार निशाना बना रहा है। अंकुश चावला के अलावा दो अन्य मोबाइल कारोबारियों को भी धमकी भरे फोन आ चुके हैं। सूत्रों के अनुसार दोनों मामलों की जानकारी पुलिस तक पहुंची है, हालांकि अभी तक कोई अलग मामला दर्ज नहीं किया गया है। कारोबारी अपनी सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बिट्टू मेहतपुर और बिलगा क्षेत्र में किस मकसद से आया था और उसके पास इतने अत्याधुनिक हथियार कहां से पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक पिछले दो वर्षों में डॉनी बल्ल ने अपना मजबूत नेटवर्क तैयार किया है। गैंग में नए युवकों को शामिल कर पहले टारगेट की रेकी करवाई जाती है और उसके बाद शूटरों से फायरिंग जैसी वारदातें करवाई जाती हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि रंगदारी की धमकियों के बाद कई कारोबारी डर के कारण पैसे दे चुके हैं। आरोपी अपना हिस्सा निकालकर डॉनी बल्ल द्वारा बताई गई लोकेशन पर रकम रख देता है, जहां से गैंग के अन्य सदस्य उसे उठाकर ले जाते हैं। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि 12 मार्च को मेहतपुर पुलिस नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को देखकर बिट्टू अपनी स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हो गया था। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो से एक ग्लॉक पिस्टल बरामद हुई थी। जांच में पता चला कि वाहन में सवार फरार आरोपी डॉनी बल्ल का शूटर बिट्टू था। भागने के दौरान उसने रास्ते में एक बाइक भी लूट ली थी, जिससे वह मौके से निकल गया। एसएसपी ने बताया कि बिट्टू ने करीब 13 साल पहले अपराध की दुनिया में कदम रखा था। 2017 में अमृतसर जेल में उसकी मुलाकात डॉनी बल्ल से हुई थी। जेल से जमानत मिलने के बाद दोनों बाहर आए, लेकिन बाद में डॉनी बल्ल विदेश भाग गया। फिलहाल डॉनी बल्ल और जग्गू भगवानपुरिया गैंग के बीच गैंगवार चल रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *