लुधियाना में किन्नरों के दो गुटों भिड़े: वर्चस्व को लेकर हिंसक झड़प, बधाई मांगने को लेकर हुई मारपीट – Ludhiana News
लुधियाना में किन्नरों के दो गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि इलाके में बधाई मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की गाड़ी को बीच रास्ते रोककर हमला कर दिया। हमलावरों ने कथित तौर पर घातक हथियारों से मारपीट की और जान से मारने की धमकियां भी दीं। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर थाना मॉडल टाउन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दाना मंडी फाटकों के पास ईको स्पोर्ट्स गाड़ी घेर पीटा शिकायतकर्ता छोटी महंत केयर उर्फ सुरेश प्रसाद निवासी ख्वाजा कोठी, कोठी नंबर-620 ने पुलिस को बताया कि 15 जून 2026 को वह आत्म नगर इलाके में बधाई मांगने गई थी। वहां पहले से मौजूद रवीना, मोना, पूजा, सुहाना, रशिका, रूबी, रहमत, हिफाजत, दिलावर मरासी (ढोलकी मास्टर) और ड्राइवर शिव कुंवर से कहासुनी हो गई। उन्हें सिर्फ उसने इतना कहा था कि वह उनके इलाके में बधाई मांगने ना जाया करें। आरोप है कि कुछ देर बाद सभी आरोपियों ने दाना मंडी फाटक के पास उनकी ईको स्पोर्ट्स गाड़ी को रोक लिया। डर के कारण चालक और ढोलकी मास्टर मौके से भाग गए, जिसके बाद आरोपियों ने उन्हें गाड़ी से उतारकर हथियारों से मारपीट की और जान से मारने की धमकियां दीं। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों रवीना, मोना, पूजा, सुहाना, रशिका, रूबी, रहमत, हिफाजत, दिलावर मरासी (ढोलकी मास्टर) और ड्राइवर शिव कुंवर के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 118(1), 126(2), 351(2), 191(2) और 190 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Source link

