बटाला में रंगदारी न देने पर शैलर पर अंधाधुंध फायरिंग: कारोबारी ने लिया मोर्चा तो भागे, पीछा कर बदमाशों ने 30 राउंड चलाई गोलियां – Batala News
बटाला के गांव लोहचप्प में शैलर पर हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आरोपी लोन लेने के बहाने अंदर गए और 30 से अधिक गोलियां चलाईं। बताया जा रहा है कि फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार होकर आए 7-8 लोगों ने हमला किया। पीड़ित परिवार ने अपनी जान बचाने के लिए अपने लाइसेंसी हथियारों से जवाबी हवाई फायर किए, जिसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। हालांकि, इस मामले में किसी जानी नुकसान की सूचना नहीं है। लेकिन, हमलावरों ने गोलियां चलाकर दफ्तर और गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचाया। बटाला पुलिस ने मौके का मुआयना कर पीड़ित परिवार के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें बनाकर दबिश दी जा रही है। वहीं, पीड़ित परिवार ने कहा है कि यदि पुलिस ने आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार न किया, तो वे एसएसपी दफ्तर के बाहर धरना देने के लिए मजबूर होंगे। 1 करोड़ रुपये मांगी थी रंगदारी बटाला-ग्रंथियां क्षेत्र में आढ़त, फाइनेंस और राइस शैलर का कारोबार करने वाले महकदीप सिंह और उनके चाचा निशान सिंह ने बताया कि लगभग 2-4 महीने पहले उन्हें किसी अज्ञात गैंगस्टर की तरफ से 1 करोड़ रुपये की रंगदारी की धमकी मिली थी। इस संबंध में पहले से ही पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज है। उन्होंने बताया कि सोमवार की सुबह लगभग 9:30 से 10 बजे के करीब 3-4 हथियारबंद बदमाश कारोबारी के दफ्तर में लोन लेने के बहाने घुसे। मुख्य गैंगस्टर बाहर फॉर्च्यूनर गाड़ी में ही बैठा रहा। फॉर्च्यूनर गाड़ी से किया पीछा जब परिजनों को खतरे का अहसास हुआ और वे पुलिस थाने शिकायत दर्ज कराने निकले, तो बदमाशों ने फॉर्च्यूनर गाड़ी से उनका पीछा किया। जब वे पुलिस थाने से वापस आए तो बदमाशों ने शैलर पर पहुंचकर थार गाड़ी और इमारत पर ऑटोमैटिक 315 बोर के हथियारों से बर्स्ट फायर किए। कारोबारी की थार गाड़ी के शीशे टूट गए और शैलर की दीवारों पर गोलियों के दर्जनों निशान बन गए। जान बचाने के लिए की जवाबी फायरिंग कारोबारी निशान सिंह ने बताया कि उनके साथियों के पास 12 बोर और पिस्टल जैसे लाइसेंसी हथियार मौजूद थे। अपनी और अपने लेबर व फोरमैन की जान बचाने के लिए उन्होंने हवा में 5-10 राउंड फायर किए। दोनों तरफ से हुई इस भयानक गोलाबारी के बाद बदमाश मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पीड़ित परिवार ने कहा है कि यदि पुलिस ने आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार न किया, तो वे एसएसपी दफ्तर के बाहर धरना देने के लिए मजबूर होंगे। पुलिस ने टीमें बनाकर शुरू की छापेमारी पुलिस अधिकारी सुखराज सिंह ने बताया कि घटनास्थल से लगभग 30 खाली खोल बरामद किए गए हैं, जिनमें कुछ 315 बोर और अन्य हथियारों के हैं। पीड़ित परिवार ने गांव के कुछ संदिग्ध लोगों के नाम पुलिस को सौंपे हैं। एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है।
Source link

