फाजिल्का में बार्डर पर नहर में मिला महिला का शव: पहचान नहीं, गले में कसा था दुपट्टा-शरीर पर चोट के निशान, हत्या कर फेंकने की आशंका – Fazilka News
फाजिल्का में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास गांव बारेका के नजदीक नहर से एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। महिला के शरीर पर चोट के निशान और गले में दुपट्टा बंधा होने के कारण हत्या कर शव नहर में फेंकने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी शमनदीप सिंह ने बताया कि गांव बारेका के पास नहर के पुल (ब्रिज) के नीचे महिला का शव फंसा हुआ था। पुलिस टीम ने स्थानीय समाजसेवी संस्था ‘नर सेवा नारायण सेवा सोसाइटी’ के सहयोग से करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। इसके बाद संस्था की एंबुलेंस की मदद से शव को फाजिल्का के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में पहचान और पोस्टमार्टम के लिए रखवाया गया है। महिॉला की पहचान नहीं हुई। पुलिस पहचान के लिए आसपास के थानों से गुमशुदा लोगों का रिकॉर्ड मंगवा रही है। चोट के निशान और गले में कसा दुपट्टा, हत्या की आशंका पुलिस के अनुसार, प्राथमिक जांच में महिला के शरीर पर चोटों के कई गंभीर निशान पाए गए हैं और उसके गले में दुपट्टा बंधा हुआ मिला है। इन परिस्थितियों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को नहर में बहाया गया है। पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। महिला की पहचान कराने का प्रयास नर सेवा नारायण सेवा सोसाइटी के सेवादार सोनू ग्रोवर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि सीमावर्ती गांव बारेका के पास नहर में एक महिला का शव उतरा रहा है। सूचना मिलते ही वे अपनी टीम और एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुँचे और पुलिस की मौजूदगी में शव को निकालकर अस्पताल पहुँचाया। फिलहाल पुलिस मृतका की पहचान कराने और मामले की तह तक पहुँचने के लिए जांच कर रही है।
Source link

